September 27, 2026
[t4b-ticker]

नेहरू नगर में पानी पर हाहाकार: नल में पानी आया, लेकिन पीने लायक नहीं!

0
nehru_nagar_water_images_horizontal_500x300

वार्ड-8 के 2-F ब्लॉक में लंबे समय से पेयजल संकट का आरोप

नगर निगम हेल्पलाइन पर कई शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं

RWA ने महापौर से लगाई गुहार

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। शहर के वार्ड-8 स्थित 2-F ब्लॉक, नेहरू नगर में पीने के पानी को लेकर गंभीर समस्या सामने आई है। क्षेत्र में पिछले काफी दिनों से लोगों को पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। RWA का आरोप है कि पानी की सप्लाई होने के बावजूद वह पीने योग्य नहीं है, जिससे स्थानीय निवासियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

नल में पानी आया, लेकिन पीने लायक नहीं!

नेहरू नगर 2-F ब्लॉक के निवासियों की शिकायत के अनुसार, कई घरों में पर्याप्त पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जो पानी सप्लाई हो भी रहा है, वह कथित तौर पर इतना खराब है कि उसे पीने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। RWA ने अपने पत्र में पानी की स्थिति को तस्वीरों के माध्यम से भी सामने रखा है।

हेल्पलाइन पर शिकायतें, फिर भी समाधान नहीं

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शिकायतों के बावजूद समस्या दूर क्यों नहीं हुई? RWA के अनुसार, नगर निगम की हेल्पलाइन सहित संबंधित माध्यमों पर कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

वहीं, स्थानीय निगम पार्षद राजेंद्र तितौरिया के अनुसार सेकंड एफ ब्लॉक के पार्क में लगा बोर खराब हो गया था, जिसके कारण क्षेत्र में पानी की समस्या उत्पन्न हुई। पार्षद ने बताया कि आज नई मशीन पहुंच रही है और नया बोर कराने का कार्य शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नया बोर तैयार होने तक लोगों को पानी की परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पानी के टैंकर भी भेजे जा रहे हैं।

महापौर से तत्काल कार्रवाई की मांग

लगातार बनी पानी की समस्या से परेशान निवासियों की ओर से RWA अध्यक्ष कुलदीप गोयल और महासचिव संदीप विश्वबंधु ने महापौर को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। RWA ने साफ कहा है कि क्षेत्र के लोग पीने के पानी के लिए भारी परेशानी झेल रहे हैं और समस्या का जल्द समाधान कराया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!