एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को लेकर आईटी मंत्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, एआई और डेटा सेंटर में निवेश बढ़ाने की तैयारी
रोजगार और कौशल विकास पर भी फोकस
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के तहत योगी सरकार ने आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को विकास का प्रमुख आधार बनाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। बुधवार को योजना भवन, लखनऊ में विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। अध्यक्षता सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने की।
बैठक में आईटी नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नीति, सेमीकंडक्टर नीति, डेटा सेंटर नीति, स्टार्टअप नीति और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) से जुड़े प्रावधानों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

उभरते तकनीकी क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर जोर
आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों के विस्तार के जरिए निवेश के साथ रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करना है।
मंत्री ने अधिकारियों को सभी नीतियों और योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नई प्रोत्साहन योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ निवेशकों, कंपनियों और युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।
निवेश के साथ रोजगार और कौशल विकास भी प्राथमिकता
बैठक में तकनीकी निवेश के साथ रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित तकनीकी विकास पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार करेगा।
प्रस्तावों की मंजूरी और प्रोत्साहन वितरण में तेजी
निवेश प्रस्तावों की स्वीकृति, प्रोत्साहन वितरण और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
मंत्री ने कहा कि एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए निवेशकों के अनुकूल वातावरण तैयार करने और परियोजनाओं को समय से धरातल पर उतारना आवश्यक है।
बैठक में प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स आलोक कुमार, विशेष सचिव/प्रबंध निदेशक यूपी डेस्को आकांक्षा राणा, विशेष सचिव/प्रबंध निदेशक यूपीएलसी जसजीत कौर समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
