October 12, 2026
[t4b-ticker]

बिजली बिल जमा, फिर भी महागुन मस्कट की सप्लाई काटी! साढ़े चार घंटे अंधेरे में रहे निवासी, AOA पहुंची थाने

0
MA

क्रॉसिंग रिपब्लिक टाउनशिप मैनेजमेंट पर मनमानी का आरोप

AOA सचिव गौरव गर्ग बोले, बिजली का बिल बकाया नहीं तो सप्लाई काटने का अधिकार किसे ?

FIR दर्ज कराने की चेतावनी

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की महागुन मस्कट सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज को लेकर टाउनशिप मैनेजमेंट और AOA के बीच विवाद अब बिजली कटौती तक पहुंच गया है। AOA का आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे टाउनशिप मैनेजमेंट ने सोसाइटी की बिजली काट दी, जबकि बिजली विभाग की आपूर्ति चालू थी और सोसाइटी पर बिजली बिल का कोई बकाया नहीं था। करीब साढ़े चार घंटे तक बिजली संकट झेलने के बाद आपूर्ति बहाल हुई। इस कार्रवाई के खिलाफ AOA ने थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है और FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है।

प्रतीकात्मक इमेज

एसोसिएशन का सवाल है बिजली का बिल नियमित जमा करने के बावजूद आखिर किस अधिकार से काटी गई सोसाइटी की बिजली ?

AOA के मुताबिक, बिजली कटने के बाद जब काफी देर तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से संपर्क किया। वहां से पता चला कि विभाग की ओर से सप्लाई चालू है। इसके बाद जानकारी मिली कि बिजली टाउनशिप मैनेजमेंट ने काटी है। पुलिस द्वारा मैनेजमेंट से संपर्क किए जाने पर कथित तौर पर मेंटेनेंस चार्ज जमा नहीं किए जाने को इसका कारण बताया गया।

हालांकि, AOA सचिव गौरव गर्ग का कहना है कि सोसाइटी पर बिजली बिल का कोई बकाया नहीं है और निवासी नियमित रूप से बिल जमा कर रहे हैं।

AOA सचिव गौरव गर्ग

गौरव गर्ग ने आरोप लगाया कि इस कटौती के कारण सोसाइटी को चार घंटे से अधिक समय तक DG सेट पर निर्भर रहना पड़ा। इससे निवासियों को असुविधा के साथ जनरेटर से होने वाले प्रदूषण की समस्या भी झेलनी पड़ी। उनका कहना है कि यदि मेंटेनेंस चार्ज को लेकर विवाद है, उसका समाधान नियमानुसार होना चाहिए, न कि बिजली काटकर पूरे परिसर के परिवारों को परेशानी में डालकर।

AOA सचिव ने टाउनशिप मैनेजमेंट पर बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, सोसाइटी के बाहर साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं है, कई जगह स्ट्रीट लाइट काम नहीं करतीं और गेट नंबर-3 पर अक्सर जलभराव हो जाता है। इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पहले टाउनशिप मैनेजमेंट का कार्यालय परिसर के भीतर था, लेकिन अब उसे इंदिरापुरम स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे निवासियों को अपनी शिकायतें पहुंचाने में परेशानी होती है।

गौरव गर्ग ने कहा कि AOA इस मामले में FIR दर्ज कराने के लिए कदम उठाएगी। वहीं, टाउनशिप मैनेजमेंट का पक्ष जानने के लिए उसके प्रतिनिधि से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। प्रबंधन की प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!