October 13, 2026
[t4b-ticker]

भाजपा से इस्तीफे के बाद अखिलेश यादव से मिले पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सपा में जाने की अटकलें तेज!

0
AK

बेटी कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर से चुनाव लड़ाने की इच्छा जता चुके हैं धर्मेंद्र कश्यप, मुलाकात में बरेली के सपा नेता भी रहे मौजूद

NEWS1UP

 भूमेश शर्मा

लखनऊ। भाजपा से इस्तीफा दे चुके आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उनकी बेटी कीर्ति कश्यप समेत बरेली के कई सपा नेता मौजूद रहे। मुलाकात के बाद धर्मेंद्र कश्यप के सपा में शामिल होने और बेटी को विधानसभा चुनाव लड़ाने की अटकलें तेज हो गई हैं।

अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए इसे ‘मित्राचार भेंट’ बताया। उन्होंने लिखा कि आंवला से दो बार सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप के साथ पीडीए आंदोलन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए संयुक्त प्रयासों पर चर्चा हुई। हालांकि, धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी के सपा में शामिल होने को लेकर अभी औपचारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

बेटी के लिए बिथरी चैनपुर सीट पर नजर

धर्मेंद्र कश्यप पहले ही अपनी बेटी कीर्ति कश्यप को बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की इच्छा जता चुके हैं। मुलाकात में सपा के जिला अध्यक्ष शुभेलेश यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद वीरपाल सिंह यादव और पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार भी मौजूद बताए गए। वीरपाल सिंह यादव ने भी मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है।

भाजपा छोड़ने की वजह बताते हुए धर्मेंद्र कश्यप ने पार्टी में सम्मान नहीं मिलने और चुनाव के दौरान साथ नहीं दिए जाने की शिकायत की थी। उन्होंने कुछ लोगों पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की बात कही थी। उनके इस्तीफे के बाद कुछ समर्थकों और कार्यकर्ताओं के भी भाजपा छोड़ने के दावे सामने आए हैं।

अब नजरें इस बात पर हैं कि धर्मेंद्र कश्यप सपा की सदस्यता कब लेते हैं और कीर्ति कश्यप की उम्मीदवारी पर पार्टी क्या फैसला करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!