‘हम तुम रोड’ के निर्माण को मिली रफ्तार: जीडीए में महत्वपूर्ण बैठक, भूमि दरें मंजूर, कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। हम तुम रोड की बदहाल स्थिति और इसके त्वरित सुधार की मांग को लेकर गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) में हाल ही में एक अहम बैठक आयोजित की गई। शहर की इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए “हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन” के प्रतिनिधियों ने जीडीए अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।

जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल से शिष्टाचार भेंट के साथ आरम्भ हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने सड़क की जर्जर स्थिति, ट्रैफिक अव्यवस्था और स्थानीय निवासियों को हो रही गंभीर समस्याओं की जानकारी विस्तार से दी। एसोसिएशन की ओर से क्षेत्र की जमीनी हकीकत को दर्शाता एक विस्तृत प्रार्थना पत्र भी उपाध्यक्ष को सौंपा गया।
ओएसडी राजीव रतन सिंह के साथ बैठक में प्रतनिधि मंडल के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर गहन चर्चा हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण से संबंधित सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता में लेकर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि काम जल्द से जल्द शुरू कराया जा सके।

भूमि अधिग्रहण विभाग में एसोसिएशन ने तहसीलदार विवेक मिश्रा से भी मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि के सर्किल रेट निर्धारण की फाइल जिलाधिकारी को भेजी जा चुकी है। डीएम द्वारा रेट्स को अनुमोदित भी कर दिया गया है। इसी के साथ किसानों को डबल मुआवजे (Double Compensation) के तहत रेट तय करने को लेकर जीडीए अधिकारियों व जिला प्रशासन के बीच चर्चा हुई है। इस विषय पर शीघ्र ही किसी पॉजिटिव नतीजे की उम्मीद जताई गई है। GDA में शीर्ष अधिकारीयों से मिलने के उपरांत हम तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने अपनी एक बैठक कर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की।
लगातार फॉलोअप और जनसहयोग से हो रही यह प्रगति स्थानीय निवासियों के लिए राहत देने वाली है। एसोसिएशन का मानना है कि प्रशासनिक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ती प्रक्रिया संकेत देती है कि बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य जल्द आरंभ हो सकता है, जिससे क्षेत्र की सातों सोसाइटी के हजारों लोगों को भारी लाभ मिलेगा।
