आग का गोला बन गई हाईराइज बिल्डिंग, 13 लोगों की दर्दनाक मौत!
NEWS1UP
एजेंसी
हांगकांग में बुधवार का दिन दहशत और तबाही की तस्वीर बनकर सामने आया, जब ताई पो क्षेत्र स्थित एक विशाल हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में पांच से अधिक ऊंची इमारतें आग के ऐसे गोले में बदल गईं कि लपटें दूर-दूर तक नजर आने लगीं और काला धुआं आसमान पर छा गया। हादसे ने पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मचा दी, लोग जान बचाने के लिए भागते दिखाई दिए, जबकि भीतर फंसे लोग मदद का इंतज़ार करते रहे।

मंजर भयावह, 13 लोगों की दर्दनाक मौत
हांगकांग फायर ब्रिगेड के अनुसार, इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 9 लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। 25 से अधिक लोग झुलसने की जानकारी सामने आई है।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मृतकों में एक दमकलकर्मी भी शामिल है, जिनसे लगभग 3.30 बजे संपर्क टूट गया था। करीब आधे घंटे बाद वे गंभीर रूप से झुलसे मिले और अस्पताल ले जाए जाने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
700 से अधिक लोगों की सुरक्षित निकासी, अभी भी फंसे होने की आशंका
जिस हाउसिंग एस्टेट में आग लगी, उसमें कुल आठ इमारतें और दो हजार फ्लैट्स शामिल हैं, जिनमें 4,600 से अधिक लोग रहते हैं, इनमें बड़ी संख्या बुजुर्गों की भी है। अब तक 700 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन अधिकारियों को आशंका है कि कुछ लोग अभी भी अंदर फंसे हो सकते हैं।

आग की तीव्रता और स्रोत की जांच जारी
एक न्यूज़ एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार, आग स्थानीय समयानुसार 2:51 बजे शुरू हुई और कुछ ही देर में कई ब्लॉक्स तक फैल गई। आग की भीषणता ऐसी थी कि 700 से अधिक दमकलकर्मियों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। लपटें और धुआं ताई पो ट्रेन स्टेशन तक महसूस किए गए, जो घटनास्थल से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है।
अग्निशमन विभाग का बयान
फायर ब्रिगेड अधिकारी चाउ विंग-यिन ने बताया कि स्थिति अभूतपूर्व और अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी। आग कैसे लगी, इसके कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
हांगकांग के इतिहास की सबसे गंभीर आग की घटनाओं में शामिल
विशाल रिहायशी परिसर, घनी आबादी, बुजुर्गों की उपस्थिति, तेज़ी से फैली आग और बड़ी संख्या में राहतकर्मियों की तैनाती, इन कारणों से यह घटना हांगकांग की सबसे भयावह हाईराइज फायर घटनाओं में दर्ज हो रही है।
घटना स्थल पर अब भी धुआं, चिंता, और अनिश्चितता का माहौल है और पूरा शहर स्तब्ध है।
