नंबरों का नशा: HR88B8888 से UP16-0001 तक, करोड़ों की दौड़ में बिदकती बोलियां!
नंबर प्लेट अब स्टेटस का नया सिंबल
आकर्षक अंकों के लिए गाड़ियों से ज्यादा पैसे उड़ाने को तैयार लोग
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नोएडा। कभी कार का रंग पहचान का तरीका माना जाता था, आज उसकी नंबर प्लेट ही मालिक की पहचान और रुतबे का आईना बन गई है। भारत में वाहन नंबर अब सिर्फ एक औपचारिक पहचान नहीं रहे, ये स्टेटस दिखाने का नया चलन हैं। करोड़ों की बोली, घंटों की नीलामी और पसंदीदा अंकों के लिए गजब का जुनून… यह सब बताता है कि फैंसी नंबरों की दुनिया अब एक अलग ही ‘लक्ज़री मार्केट’ बन चुकी है। हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश तक, लोगों के शौक और पसंद के अनोखे अंदाज़ ऐसे रिकॉर्ड रच रहे हैं कि सुनकर भी यकीन करना मुश्किल हो जाए।
हरियाणा और नोएडा में नीलामी ने बनाए नए रिकॉर्ड
हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह हालिया नीलामियों में फैंसी नंबरों का ऐसा क्रेज देखने को मिला कि रिकॉर्ड एक के बाद एक टूटते गए। सबसे ज़्यादा चर्चा में रहा हरियाणा का HR88B8888, जिसकी बोली आश्चर्यजनक रूप से 1.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। चरखी दादरी के बाढ़ड़ा में हुई इस नीलामी ने साफ कर दिया कि आकर्षक अंकों का खुमार अभी लंबे समय तक कम होने वाला नहीं है।
नोएडा में टूटा रिकॉर्ड: 0001 नंबर 27.50 लाख में बिका
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में भी फैंसी नंबरों की दीवानगी चरम पर दिखी। यहां UP16 FH-0001 नंबर को एक निजी फार्मा कंपनी एम/एस अविओरियन प्राइवेट लिमिटेड ने 27.50 लाख रुपए की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा।
यह नोएडा में अब तक किसी भी आकर्षक नंबर के लिए लगी सबसे महंगी बोली है।
-
नीलामी में हिस्सा लेने के लिए कंपनी ने शुरुआती धरोहर राशि 33,333 रुपये जमा की थी।
-
नंबर का मूल मूल्य (बेस प्राइस) 1 लाख रुपये तय था, जिसके बाद बोली शुरू हुई।
-
यह नंबर एक मर्सिडीज कार के लिए लिया गया है।
ARTO प्रशासन नंद कुमार के अनुसार, “हर नई सीरीज के साथ महंगे और आकर्षक नंबरों की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। लोग अपनी पसंद के लिए किसी भी हद तक बोली बढ़ाने को तैयार रहते हैं।”
पुराने रिकॉर्ड भी रहे दिलचस्प
-
सितंबर 2025: UP16 FD-0008 की बोली 11 लाख रुपये पहुंची थी।
-
अक्टूबर 2024: UP16 EP-0001 की बोली 32 लाख रुपये तक गई, लेकिन खरीदार बाद में पीछे हट गया।
-
कुछ वर्ष पहले एक दोपहिया वाहन के ‘6 नंबर’ के लिए बोली 50 लाख रुपये तक पहुंची थी, पर बकाया राशि जमा न होने से नंबर जारी नहीं हुआ।
पिछली नीलामियों में भी दिखा क्रेज
-
0001 नंबर – 9.76 लाख रुपये
-
0007 नंबर – 9.35 लाख रुपये
-
0004 नंबर – 9.05 लाख रुपये
ये आंकड़े बताते हैं कि नोएडा में फैंसी नंबर अब सिर्फ कार प्रेमियों की पसंद नहीं, बल्कि एक स्टेटस मार्कर बन चुके हैं।
नई सीरीज आएगी: पहले आओ, पहले पाओ
नोएडा में प्राइवेट गाड़ियों की नई सीरीज UP16 FJ जल्द जारी होगी। इसके तहत आकर्षक और अति आकर्षक नंबर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होंगे। बुकिंग परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट parivahan.gov.in पर की जा सकेगी। नई सीरीज जारी होने के अगले ही दिन नीलामी रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया जाएगा।
स्टेटस का नया संकेत: नंबर प्लेटें
भारत में पिछले कुछ सालों में नंबर प्लेटों को लेकर लोगों का नजरिया तेजी से बदला है। पहले ये पहचान का माध्यम थीं, अब ये शौक, स्टाइल और प्रेस्टिज का प्रतीक बन चुकी हैं। महंगी कार हो या सस्ती, अगर नंबर आकर्षक है, तो मालिक का रुतबा खुद-ब-खुद बढ़ जाता है।
फैंसी नंबरों के लिए लोगों का बढ़ता जुनून यही बताता है कि आने वाले समय में यह रेस और दिलचस्प होने वाली है। नंबर चाहे 0001 हो या फिर 9999 या 7777, इनमें छिपे स्टाइल का जलवा अभी थमने वाला नहीं।
