यूपी एनडीए सांसदों संग पीएम मोदी की रणनीतिक बैठक: काम हो रहा है, प्रचार की धार तेज़ कीजिए!
तकनीक बने जनता तक पहुंचने का सबसे तेज़ रास्ता: मोदी
यूपी बीजेपी अध्यक्ष चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक गर्मी
NEWS1UP
पॉलिटिकल डेस्क
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव से पहले राजनीतिक हलचलें तेज़ हैं और इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संसद भवन में उत्तर प्रदेश के एनडीए सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। काम के साथ-साथ उसकी प्रभावी संप्रेषण रणनीति को मजबूत करना बैठक का केंद्रबिंदु रहा।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि सरकार की योजनाओं और स्थानीय स्तर पर हो रहे विकास को लेकर जनता में पर्याप्त जागरूकता नहीं बन पा रही है, जबकि विपक्ष वादों के शोर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश करता रहता है। पीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तकनीक और सोशल मीडिया अब जनसंपर्क का अनिवार्य साधन बन चुके हैं और सांसदों को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जनता आपके साथ है… बस मेहनत जारी रखें
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री का रुख बेहद स्पष्ट था। उन्होंने सांसदों से कहा, “ये मजदूर आपके पीछे खड़ा है, आप बस काम करिए।” इस टिप्पणी को पार्टी के लिए मनोबल बढ़ाने वाला संकेत माना जा रहा है, खासकर उस समय जब विभिन्न राज्यों से फीडबैक जुटाने और रणनीति तय करने की प्रक्रिया तेज़ है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष चुनाव नज़दीक आते ही “काम करने का आभास” भर देने की राजनीति करता है, जबकि एनडीए सरकार निरंतर काम करती है। पीएम मोदी ने कहा कि काम तो भरपूर हुआ है, कमी सिर्फ उसके प्रभावी प्रसार में है, और अब यही अंतर मिटाना होगा।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल
यह बैठक ऐसे समय में आयोजित हुई जब 14 दिसंबर को यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष का चुनाव होना है। पार्टी के भीतर यह अटकलें तेज़ हैं कि अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन की स्थिति बन सकती है, जिससे 13 दिसंबर को ही तस्वीर साफ होने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री की यह बैठक प्रदेश संगठन के भावी नेतृत्व और चुनावी तैयारियों दोनों को संकेत देती है। इसे आने वाले महीनों में उत्तर प्रदेश में बीजेपी की संगठनात्मक मजबूती और डिजिटल पहुंच की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
