वी.वी.आई.पी एड्रेसस सोसाइटी में कड़ी सुरक्षा के बीच AOA चुनाव संपन्न, मतगणना देर रात तक जारी रहने की संभावना!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित शहर की प्रतिष्ठित एवं सबसे बड़ी आवासीय सोसाइटियों में से एक मानी जाने वाली वी.वी.आई.पी एड्रेसस में रविवार को अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए इस चुनाव में तीन टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।
चुनाव में कुल 30 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। कोर कमेटी की सदस्य श्रीमती उमा रोशन ने जानकारी देते हुए बताया कि सोसाइटी में लगभग 18 माह बाद चुनाव कराए गए हैं। कुल 1402 मतदाता थे, जिनमें से 912 सोसाइटी निवासियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे प्रारंभ हुई और शाम 5:30 बजे तक चली। मतदान के दौरान सोसाइटी परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। तीनों टीमों ने अपनी-अपनी जीत को लेकर पूर्ण बहुमत का दावा किया।
शाम 7 बजे से मतगणना प्रारंभ कर दी गई, हालांकि समाचार लिखे जाने तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं हो पाए थे। चुनावी मुकाबला कड़ा होने के कारण मतगणना देर रात तक चलने की संभावना जताई जा रही है।
मतदान के दौरान सोसाइटी के निवासियों में विशेष उत्साह देखा गया। निवासियों का मानना है कि जो भी टीम जीतकर आएगी, वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ सोसाइटी के विकास, सुविधाओं के विस्तार और बेहतर वातावरण के निर्माण के लिए कार्य करेगी, ताकि सोसाइटी अपने नाम के अनुरूप एक आदर्श आवासीय परिसर बन सके।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकी इंचार्ज विक्रांत कटारिया ने बताया कि मतदान के दौरान कहीं-कहीं हल्की नोकझोंक की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस व प्रशासन की सतर्कता से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया और पूरा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
अब सोसाइटी के निवासियों की निगाहें मतगणना के परिणामों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि आगामी कार्यकाल में वी.वी.आई.पी एड्रेसस की कमान किस टीम के हाथों में होगी।
