टी20 वर्ल्ड कप 2026: सूर्यकुमार यादव को कप्तानी, गिल बाहर! टीम इंडिया के स्क्वाड ने मचाई हलचल!

0

भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में

7 फरवरी से शुरू होगा मेगा टूर्नामेंट

NEWS1UP

स्पोर्टस डेस्क

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की प्रीमिलरी स्क्वाड का ऐलान होते ही क्रिकेट जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बार चयन समिति ने बड़ा फैसला लेते हुए टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी है, जबकि युवा सितारे शुभमन गिल को स्क्वाड में जगह नहीं मिली है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले इस मेगा टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जहां टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज़ यूएसए के खिलाफ करेगी।

सूर्यकुमार यादव बने कप्तान, नई सोच के साथ नई टीम

साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप विजेता दल का हिस्सा रहे सूर्यकुमार यादव अब कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। रोहित शर्मा के इस फॉर्मेट से संन्यास के बाद सूर्या को जिम्मेदारी मिली है और उनके नेतृत्व में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। खास बात यह है कि कप्तान के तौर पर सूर्या की अगुवाई में टीम इंडिया ने अभी तक कोई सीरीज नहीं हारी है, जिससे फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की प्रीमिलरी स्क्वाड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान)

अभिषेक शर्मा

सजू सैमसन (विकेटकीपर)

तिलक वर्मा

हार्दिक पांड्या

शिवम दुबे

अक्षर पटेल (उपकप्तान)

जसप्रीत बुमराह

हर्षित राणा

अर्शदीप सिंह

कुलदीप यादव

वरुण चक्रवर्ती

वाशिंगटन सुंदर

ईशान किशन

इस टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन साफ नजर आता है। गेंदबाजी आक्रमण में बुमराह, अर्शदीप और कुलदीप जैसे मैच विनर मौजूद हैं, वहीं बल्लेबाजी में सूर्या, हार्दिक और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी किसी भी परिस्थिति में खेल पलटने की क्षमता रखते हैं।

शुभमन गिल का बाहर होना बना चर्चा का विषय

टीम चयन में सबसे चौंकाने वाला फैसला शुभमन गिल को स्क्वाड से बाहर रखना रहा। गिल हाल के वर्षों में भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बनकर उभरे हैं, ऐसे में उनका बाहर होना चयनकर्ताओं की रणनीति और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर कई सवाल खड़े करता है।

ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान से महामुकाबला तय

टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में जगह मिली है, जहां उसके साथ यूएसए, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीमें शामिल हैं।

भारत के ग्रुप स्टेज मुकाबले:

7 फरवरी: भारत बनाम यूएसए

12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया

15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान

18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड्स

15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की निगाहें टिकी होंगी।

मेजबान देश और इतिहास रचने का मौका

अब तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में जिस भी देश ने मेजबानी की है, वह खिताब जीतने में नाकाम रहा है। ऐसे में संयुक्त मेजबान के तौर पर भारत के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया न सिर्फ खिताब बचाने उतरेगी, बल्कि एक नई मिसाल कायम करने की कोशिश भी करेगी।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नया इतिहास रच पाएगी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!