स्वच्छता पर प्रशासन सख्त: सीडीओ अभिनव गोपाल ने किया स्थलीय निरीक्षण!

0

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय मार्गों, राज्य मार्गों एवं अन्य संपर्क मार्गों की साफ-सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण ग्राम पंचायत डासना देहात, विकास खंड रजापुर के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों पर किया गया।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने पाया कि कई स्थानों पर मार्गों के किनारे स्थित दुकानों, छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास कचरा बिखरा हुआ है, जिससे न केवल ग्रामीण सौंदर्य प्रभावित हो रहा है बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी उत्पन्न हो रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मार्गों के दोनों ओर डस्टबिन की स्थापना अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा कचरा प्रबंधन की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित की जाए।

मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करते CDO अभिनव गोपाल

सीडीओ अभिनव गोपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि साफ-सफाई कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है, जिसे केवल एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई कर्मचारियों की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरा समय पर उठाया जाए तथा खुले में गंदगी न फैले।

निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए तथा उन्हें डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही न बरती जा सके।

सीडीओ ने कहा कि “स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। यदि गांव स्वच्छ होंगे तो ग्रामीणों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास संभव हो सकेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं होते, बल्कि वे गांव की पहचान भी होते हैं, इसलिए उनका साफ-सुथरा और सुंदर होना अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!