योगी सरकार की 10 बड़ी योजनाएं, जिन पर 2026 में अमल और 2027 में जनता का फैसला होना है!
रोजगार, एक्सप्रेसवे, निवेश और कानून-व्यवस्था पर योगी सरकार की बड़ी घोषणाएं
जिनकी असली परीक्षा विधानसभा चुनाव से पहले होगी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। नया साल सिर्फ कैलेंडर नहीं बदलता, वह उम्मीदों की दिशा भी तय करता है। वर्ष 2026 की दहलीज पर खड़ा उत्तर प्रदेश एक बार फिर बड़े वादों, बड़े प्रोजेक्ट्स और बड़ी अपेक्षाओं के दौर में प्रवेश कर रहा है। योगी सरकार के एजेंडे में रोजगार, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतें इस बार केंद्र में हैं। सरकार का दावा है कि 2026 प्रदेशवासियों के लिए “डिलीवरी का वर्ष” होगा, जबकि जनता की निगाहें इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने पर टिकी हैं।
इसी पृष्ठभूमि में योगी सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 10 ऐसी प्रमुख सौगातों की रूपरेखा तैयार की है, जिनका सीधा असर युवाओं, निवेशकों, मरीजों और आम नागरिक के दैनिक जीवन पर पड़ेगा।
रोजगार से शुरुआत: डेढ़ लाख सरकारी भर्तियों का वादा
वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं के लिए सबसे बड़ी उम्मीद सरकारी नौकरियों को लेकर है। सरकार की योजना पुलिस, शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, कारागार, आवास विकास और बाल विकास पुष्टाहार विभागों में कुल मिलाकर डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती करने की है।
पुलिस विभाग में अकेले लगभग 50 हजार पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जिसमें 30 हजार आरक्षी, 5 हजार सब-इंस्पेक्टर और अन्य 15 हजार विभिन्न पद शामिल हैं। शिक्षा विभाग में भी सहायक अध्यापक से लेकर प्रधानाचार्य तक करीब 50 हजार पदों पर भर्तियां होंगी।
सरकार का संदेश साफ है, रोजगार सृजन अब सिर्फ घोषणा नहीं, प्राथमिकता है। हालांकि, युवाओं की अपेक्षा है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी हो।
जेवर से दुनिया की उड़ान: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

दिल्ली से सटे जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 2026 में प्रदेश की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला है। करीब 7000 करोड़ रुपये की लागत से 3300 एकड़ में निर्मित यह एयरपोर्ट पहले चरण में एक रनवे के साथ शुरू होगा, लेकिन भविष्य में यहां पांच रनवे तक विकसित किए जा सकेंगे। सालाना एक करोड़ यात्रियों की क्षमता वाला यह एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी के आर्थिक नक्शे को बदलने की क्षमता रखता है।
गंगा एक्सप्रेसवे: विकास की रीढ़

करीब 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ से प्रयागराज तक, 2026 में उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का प्रतीक बनेगा। 12 जिलों और 518 गांवों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ यात्रा को आसान करेगा, बल्कि उद्योग, कृषि और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी रफ्तार देगा। 36,230 करोड़ रुपये की इस परियोजना से सरकार को बड़े आर्थिक लाभ की उम्मीद है।
निवेश धरातल पर: पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी
योगी सरकार का फोकस अब निवेश प्रस्तावों से आगे बढ़कर उन्हें जमीन पर उतारने पर है। 2026 की शुरुआत में प्रस्तावित पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिए 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को शुरू करने की योजना है। सरकार का दावा है कि अब तक चार जीबीसी के जरिए 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश और 60 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026: बड़ी तैयारी

2023 की सफलता के बाद सरकार 2026 में एक और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी कर रही है। देश-विदेश में रोड शो, निवेश अनुकूल नीतियां और “इन्वेस्ट यूपी” की सक्रिय भूमिका के जरिए प्रदेश को निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बनाने की रणनीति है।
निवेश मित्र 3.0: ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का नया अध्याय
ऑनलाइन सिंगल विंडो सिस्टम निवेश मित्र 3.0 के जरिए अनुमति प्रक्रियाओं को और सरल बनाने की योजना है। सरकार मानती है कि निवेश तभी आएगा, जब सिस्टम तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद होगा।
स्वास्थ्य में प्रयोग: आयुष अस्पतालों में सर्जरी
2026 में आयुष अस्पतालों में 53 प्रकार की छोटी सर्जरी शुरू करने की तैयारी है। इससे एलोपैथिक अस्पतालों पर दबाव कम होगा और मरीजों को समय पर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।
नशे और कालाबाजारी पर शिकंजा
कोडिनयुक्त कफ सिरप और एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं की कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार सख्त नियम लागू करने जा रही है। जियो टैगिंग, फोटो-वीडियो रिकॉर्ड और ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा सत्यापन जैसे प्रावधानों से अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का दावा किया जा रहा है।
साइबर ठगी के खिलाफ मोर्चा
बढ़ती साइबर ठगी को देखते हुए सरकार कॉल सेंटर की क्षमता दोगुनी करने जा रही है। डायल 112 और लखनऊ के साइबर कॉल सेंटर में स्टाफ बढ़ाकर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की योजना है।
कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे: दूरी नहीं, मिनटों का सफर

करीब 63 किलोमीटर लंबा कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे फरवरी 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से लखनऊ एयरपोर्ट से कानपुर का सफर 40 मिनट में सिमट जाएगा।
2027 की चुनावी कसौटी पर योगी सरकार के वादे
इन तमाम घोषणाओं के बीच एक राजनीतिक सच्चाई भी उतनी ही अहम है, वर्ष 2027 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में 2026 योगी सरकार के लिए सिर्फ योजनाओं का वर्ष नहीं, बल्कि विश्वसनीयता का निर्णायक साल भी होगा।
प्रदेश की जनता इन वादों को घोषणापत्र की तरह नहीं, बल्कि डिलीवरी रिपोर्ट की तरह देखेगी। रोजगार के आंकड़े, एक्सप्रेसवे की हकीकत, निवेश के जमीन पर उतरने की स्थिति और कानून-व्यवस्था में सुधार, यही वे पैमाने होंगे जिन पर 2027 में सरकार का मूल्यांकन किया जाएगा।
