25–26 जनवरी को मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान, डीएम ने की नागरिकों से अपील!
एस.आई.आर. के तहत सभी बूथों पर बैठेंगे बी.एल.ओ.
नए व छूटे मतदाताओं से लिए जाएंगे फॉर्म-6
संशोधन व स्थानान्तरण हेतु फॉर्म-8 भी स्वीकार
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि एस.आई.आर. के अंतर्गत 25 जनवरी एवं 26 जनवरी को जिले के समस्त मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे और अर्ह एवं छूटे हुए मतदाताओं से फॉर्म-6 प्राप्त करेंगे। जो नागरिक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं लेकिन अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
संशोधन व स्थानान्तरण के लिए भी सुविधा
मांदड़ ने जानकारी दी कि विशेष अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में सुधार अथवा स्थानान्तरण के लिए फॉर्म-8 भी स्वीकार किए जाएंगे। नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने की स्थिति में नागरिक सीधे अपने बूथ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
युवाओं व छूटे मतदाताओं से विशेष आग्रह
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं, नए मतदाताओं, नवविवाहितों तथा हाल ही में स्थान बदले नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में अनिवार्य रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना न केवल संवैधानिक अधिकार है, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
लोकतंत्र की मजबूती में सहभागिता जरूरी
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा,
“प्रत्येक पात्र नागरिक का मत लोकतंत्र की नींव है। मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित कर हम सभी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बना सकते हैं।”
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर आवेदन करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएँ।
