February 12, 2026

गाजियाबाद की गार्डेनिया स्क्वायर सोसाइटी में 16वीं मंज़िल से गिरकर पेंटर की मौत!

0
0
0

क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की घटना
आत्महत्या की आशंका

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र स्थित गार्डेनिया स्क्वायर सोसाइटी में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिल्डिंग में व्हाइट वॉश का काम कर रहा एक मजदूर 16वीं मंज़िल से नीचे गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का मूल निवासी था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है। संतोष सोसाइटी के टावर में स्थित फ्लैट नंबर 1606 में पेंटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक फ्लैट की बालकनी में पहुंचा और नीचे की ओर देखने लगा। वहां मौजूद कुछ लोगों और सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड्स को उसके व्यवहार से अनहोनी की आशंका हुई।

मृतक संतोष, फाइल फोटो

रोकने की कोशिश, लेकिन नहीं टल सका हादसा

सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों ने संतोष से पीछे हटने और शांत रहने का आग्रह किया। कुछ गार्ड्स तुरंत ऊपर की ओर भी दौड़े, ताकि उसे किसी तरह रोका जा सके। हालांकि कुछ ही क्षणों की असमंजस भरी स्थिति के बाद संतोष ने 16वीं मंज़िल से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सोसाइटी परिसर में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि-

ACP प्रियाश्री पाल

“प्रथमदृष्टया और मौके से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय संतोष की मानसिक स्थिति क्या थी, क्या उस पर किसी तरह का दबाव था या फिर किसी अन्य कारण से उसने यह कदम उठाया।

थाना क्रासिंग रिपब्लिक के बाहर रोती-बिलखते मृतक संतोष की पत्नीऔर बच्चे

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

संतोष कुमार पिछले कुछ वर्षों से गाजियाबाद में रहकर मजदूरी और पेंटिंग का काम कर रहा था। वह डूडाहेड़ा इलाके में किराए के मकान में अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि उसके सबसे बड़े बेटे की उम्र महज 12 साल है।

घटना की खबर मिलते ही संतोष की पत्नी, बच्चे और रिश्तेदार गार्डेनिया स्क्वायर सोसाइटी पहुंचे। वहां का दृश्य बेहद मार्मिक था, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम बच्चों की आंखों से छलकते आंसू और पत्नी की बेबसी ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!