दिवंगत धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, 131 विभूतियों को मिलेगा पद्म पुरस्कार 2026!
5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री का ऐलान
राष्ट्रपति ने दी स्वीकृति
सिनेमा, राजनीति, खेल और संस्कृति के दिग्गज सूची में शामिल
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष कुल 131 विभूतियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शुमार पद्म पुरस्कारों से अलंकृत किया जाएगा। सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। ये सम्मान कला, साहित्य, खेल, विज्ञान, राजनीति, समाजसेवा, प्रशासन और उद्योग जैसे विविध क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वालों को प्रदान किए गए हैं।
इस बार की सूची कई मायनों में खास है, जहां एक ओर सिनेमा, खेल और संस्कृति की चमक दिखती है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक-राजनीतिक जीवन में लंबा और जमीनी योगदान देने वाली शख्सियतों को भी राष्ट्र ने याद किया है।

मरणोपरांत पद्म विभूषण: स्मृतियों को सम्मान
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उनके सार्वजनिक जीवन और भारतीय समाज-संस्कृति पर पड़े गहरे प्रभाव का प्रतीक है।
पद्म भूषण: विविध क्षेत्रों के स्तंभ
विज्ञापन जगत में ‘एड गुरु’ के रूप में पहचाने जाने वाले पीयूष पांडे, झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन और भाजपा नेता वी. के. मल्होत्रा को मरणोपरांत पद्म भूषण देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा पार्श्व गायिका अलका याग्निक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी, प्रख्यात बैंकर उदय कोटक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।
पद्म श्री: नई पीढ़ी और निरंतर योगदान
खेल जगत से इस बार कई नाम शामिल हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भुल्लर, और हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया को पद्म श्री सम्मान के लिए चुना गया है। शिक्षा और मीडिया क्षेत्र से जेएनयू के पूर्व कुलपति एम. जगदीश कुमार और प्रसार भारती के पूर्व सीईओ शशि शेखर वेम्पति को भी पद्म श्री से नवाजा जाएगा।
आंकड़ों में पद्म पुरस्कार 2026
कुल पुरस्कार: 131
महिलाएं: 19
विदेशी/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई श्रेणी: 6
मरणोपरांत पुरस्कार: 16
राष्ट्रपति भवन में होगा सम्मान
इन सभी पुरस्कारों को भारत के राष्ट्रपति द्वारा मार्च-अप्रैल 2026 के दौरान राष्ट्रपति भवन में आयोजित औपचारिक समारोहों में प्रदान किया जाएगा। पद्म पुरस्कार हर वर्ष गणतंत्र दिवस पर घोषित किए जाते हैं और ये राष्ट्र की ओर से उन व्यक्तियों को कृतज्ञता का सार्वजनिक अभिवादन हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण और विशिष्ट सेवा से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।
