ब्रज भूमि में सत्ता और साधना का संगम: सीएम योगी व भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने किए बांके बिहारी के दर्शन!
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बांके बिहारी के दर्शन कर मांगा
‘विकसित भारत’ का आशीर्वाद
NEWSW1UP
विशेष संवाददाता
मथुरा। ब्रज भूमि की पावन धरा रविवार को एक बार फिर आध्यात्मिक आस्था और राजनीतिक संकल्प की साक्षी बनी, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच दोनों नेताओं ने ठाकुर बांके बिहारी के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने गर्भगृह में दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। मंदिर प्रांगण भक्ति और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर रहा। दर्शन-पूजन के उपरांत सेवायतों द्वारा दोनों नेताओं को प्रसाद भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ब्रज भूमि से प्राप्त आध्यात्मिक ऊर्जा समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य करती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद नितिन नबीन का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा रहा। ब्रज भूमि आगमन को उन्होंने अपने लिए विशेष और भावनात्मक क्षण बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनका यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, जहां आध्यात्मिक आस्था के साथ संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी बांके बिहारी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शोक संतप्त परिवार से मिले, जताई संवेदना
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन मांट विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे। विधायक की माता के हालिया निधन पर दोनों नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है।
ब्रज यात्रा के दौरान सत्ता, संगठन और संवेदना, तीनों का संतुलित संदेश देते हुए मुख्यमंत्री योगी और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
