गार्डन गैलेरिया में फिर बवाल, बाउंसरों की बेरहमी कैमरे में कैद!
पार्टी हब में बेलगाम बाउंसरों का तांडव
मॉल के भीतर खुलेआम लात-घूंसे
NEWS1UP
अपराध डेस्क
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर के सबसे चर्चित पार्टी हब गार्डन गैलेरिया मॉल में एक बार फिर हिंसा की तस्वीरें सामने आई हैं। शुक्रवार की की रात इम्पल्स बार में हुए विवाद के बाद मॉल के बाउंसरों पर युवकों को बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया है।
दो ग्रुप भिड़े, बाउंसरों ने की पिटाई!
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बार में मौजूद दो ग्रुप्स के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि बीच-बचाव के नाम पर बाउंसरों ने दो युवकों को घेर लिया और उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

मॉल के अंदर मची अफरा-तफरी
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह मॉल के भीतर खुलेआम हिंसा हो रही है और लोग दहशत में इधर-उधर भाग रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश है और मॉल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
महिला बाउंसरों पर भी गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहे एक युवक के साथ महिला बाउंसरों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने से रोकने के लिए युवक पर हमला किया गया।
पुलिस एक्शन: 7 गिरफ्तार
गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने पुष्टि की है कि विवाद में शामिल कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि अधिकतर लोग नशे की हालत में थे और झगड़ा दो ग्रुप्स के बीच हुआ था। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर बाउंसरों की भूमिका की अलग से जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
गार्डन गैलेरिया मॉल पहले भी बाउंसरों और गेस्ट के बीच हिंसक झड़पों को लेकर विवादों में रहा है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर कोई ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा।
किसके भरोसे नाइटलाइफ़ ?
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने दिल्ली-एनसीआर की नाइटलाइफ़ की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। क्या निजी बाउंसर कानून से ऊपर हैं ? क्या मॉल प्रबंधन की जवाबदेही तय होगी ?
