आबू धाबी में भारत का परचम, डॉ. ऋचा सूद ने जीता 14वां अंतरराष्ट्रीय रजत पदक!
NEWS1UP
खेल संवाददाता
आबू धाबी। भारतीय मास्टर्स एथलेटिक्स के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। आबू धाबी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की अनुभवी एथलीट डॉ. ऋचा सूद ने डिस्कस थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। यह उनके खेल करियर का 14वां अंतरराष्ट्रीय पदक है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में डॉ. ऋचा सूद ने रूस, फिलीपींस, चीन, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, श्रीलंका सहित कई देशों की सशक्त एथलीट्स को पीछे छोड़ते हुए फाइनल में जगह बनाई और दूसरा स्थान हासिल किया। मुकाबले के दौरान उनका प्रदर्शन निरंतर और संतुलित रहा, जिसने भारत को पदक दिलाया।
प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार रूस की अलीना शाईमन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत की डॉ. ऋचा सूद रजत पदक पर रहीं। रूस की ही स्वेतलाना पटरेनको ने कांस्य पदक हासिल किया।
गौरतलब है कि यह अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप इंटरनेशनल मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन (IMGA) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें विश्व के विभिन्न देशों से करीब 25 हजार एथलीट भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स सहित कई खेल विधाओं में मुकाबले हो रहे हैं।
