कलराज मिश्र से ब्राह्मण संगठनों की अहम बैठक, संगठन और समाज की राजनीति पर मंथन!

0
1
0

देशव्यापी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर दिया गया जोर

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद के संस्थापक सदस्य व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित पीतांबर शर्मा अपने सहयोगियों के साथ परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के नोएडा स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान संगठन और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई, शैक्षणिक और संगठनात्मक विषयों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।

दिल्ली अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बी.डी. शर्मा भी अपनी पूरी कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील शर्मा के साथ दोपहर 1 बजे माननीय कलराज मिश्र से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात का कार्यक्रम पंडित पीतांबर शर्मा द्वारा निर्धारित किया गया था। दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ भविष्य की रणनीति और समाज की राजनीति को आगे बढ़ाने पर गंभीर चर्चा की।

बैठक में कई अहम मुद्दों पर आम सहमति बनी। इनमें संतोष वर्मा से जुड़ा प्रकरण, यूजीसी से संबंधित विषय तथा प्रस्तावित फिल्म “घूसखोर पंडित” का मुद्दा प्रमुख रहा। हालांकि ये सभी मामले वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं और इन पर कोर्ट द्वारा स्थगन आदेश भी दिया गया है, बावजूद इसके इन विषयों पर चर्चा को आवश्यक बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर समाज को जागरूक करना और सही दिशा में संवाद बनाए रखना जरूरी है।

बैठक के अंत में इस बात पर सहमति बनी कि आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक सम्मान और शैक्षणिक अधिकारों के संरक्षण के लिए संयुक्त रूप से रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही, देश स्तर पर ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मास्टर परमानंद शर्मा, मास्टर रामकुमार शर्मा, मास्टर रत्नबीर शर्मा, डॉ. वंदना वशिष्ठ, अनिल शर्मा, बुलंदशहर से संजू शर्मा, रामवीर शर्मा, अधिवक्ता गौरव शर्मा सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!