February 24, 2026

दिल्ली–लेह स्पाइसजेट फ्लाइट में तकनीकी खराबी, इमरजेंसी लैंडिंग से टला बड़ा हादसा!

0
0
0

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली से लेह जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG121 को सोमवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन के अनुसार, इंजन में आई समस्या के कारण विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 150 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

टेकऑफ के बाद आई दिक्कत

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट SG121 ने सुबह दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और एहतियातन दिल्ली लौटने का फैसला लिया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई ताकि विमान की लैंडिंग को प्राथमिकता दी जा सके और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल एवं फायर ब्रिगेड की टीमें तैयार रहें।

सुरक्षित लैंडिंग, यात्रियों में राहत

विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों को सामान्य प्रक्रिया के तहत विमान से उतारा गया। घटना के दौरान किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई। पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

स्पाइसजेट का बयान

स्पाइसजेट ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि 24 फरवरी को दिल्ली से लेह जा रही उसकी एक फ्लाइट तकनीकी समस्या के कारण वापस दिल्ली लौट आई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी नहीं थी।

हालांकि, इंजन में आई खराबी के सटीक कारणों पर अभी तक कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। मेंटेनेंस टीम द्वारा विमान का विस्तृत निरीक्षण किए जाने की संभावना है।

चतरा में एयर एंबुलेंस हादसा, 7 लोगों की मौत

इसी बीच सोमवार को झारखंड के चतरा जिले में एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। रांची से दिल्ली आ रही एक एयर एंबुलेंस उड़ान भरने के 23 मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान ने शाम 7 बजकर 11 मिनट पर रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और रात साढ़े 8 बजे दिल्ली पहुंचने वाली थी।

लेकिन शाम 7 बजकर 34 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। बाद में पता चला कि विमान चतरा जिले के सिमरिया ब्लॉक के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कुल 7 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को रेस्क्यू टीम ने सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए।

जांच और सुरक्षा पर सवाल

दो अलग-अलग घटनाओं ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा और तकनीकी निरीक्षण प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां स्पाइसजेट की फ्लाइट में समय रहते सुरक्षित लैंडिंग से बड़ा हादसा टल गया, वहीं चतरा की घटना ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!