ग्रेटर नोएडा में 2.30 मिनट का ‘खूनी खेल’: पत्नी के सामने गोलियों से छलनी!
घर की गली में घात लगाए बैठे थे हमलावर
NEWS1UP
अपराध डेस्क
ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-1 क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। महज 2 मिनट 30 सेकंड में 30 साल के ई-रिक्शा एजेंसी संचालक नितिन की जिंदगी गोलियों और चाकुओं के वार से खत्म कर दी गई। यह पूरा खौफनाक मंजर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
शैंपू लेकर घर लौट रहा था, मौत घात लगाकर बैठी थी

गांव लुक्सर निवासी नितिन मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर के लिए शैंपू खरीदकर लौट रहा था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि गली के मोड़ पर मौत उसका इंतजार कर रही है। जैसे ही वह अपने घर की गली में दाखिल हुआ, कोने की दुकान से तीन हमलावर बाहर निकले।
एक हमलावर ने पीछे से उसके सिर पर पिस्टल सटा दी। खतरा भांपते ही नितिन पलटा और जान बचाने के लिए भागा, लेकिन कुछ ही कदम दूर एक बच्चे से टकराकर लड़खड़ा गया। हमलावरों ने उसे घर के ठीक सामने सड़क पर गिरा दिया।
पत्नी के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग

इसके बाद जो हुआ, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। तीनों हमलावरों ने नितिन पर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। गोलियों की आवाज सुनकर उसकी पत्नी श्वेता घर से बाहर दौड़ी। वह पति को बचाने के लिए चीखती हुई आगे बढ़ी, लेकिन एक हमलावर ने उस पर भी तमंचा तान दिया।
डरी-सहमी श्वेता गेट पर ही रुक गई, मगर उसकी चीखें पूरे मोहल्ले में गूंजती रहीं।

गोलियों के बाद चाकुओं से गोद डाला
गोलियां मारने के बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने नितिन की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। सड़क खून से लाल हो गई। जब तक मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए, तीनों हमलावर फरार हो चुके थे। परिजन घायल नितिन को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम ?
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में विनय ठेकेदार की हत्या के मामले में नितिन आरोपी था और कुछ महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। नितिन के परिजनों का आरोप है कि गांव के सचिन, जीते और उनके एक साथी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
दिल दहला देने वाली बात यह भी है कि करीब छह महीने पहले, जब नितिन जेल में था, तभी उसके पिता फिरे नागर का शव घंघौला के खेतों में मिला था। उस हत्या में भी सचिन पर शक जताया गया था, लेकिन उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
पुलिस की कार्रवाई

एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार के मुताबिक, इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
दिनदहाड़े, घर के दरवाजे पर, पत्नी की आंखों के सामने हुई यह हत्या सिर्फ एक वारदात नहीं, बल्कि इलाके में बढ़ते गैंगवार और पुरानी रंजिशों की खतरनाक परतों को उजागर करती है।
