गौर कैस्केड्स में टीम संकल्प का शपथ ग्रहण, अब काम पर नज़र

0

AOA में सार्वजनिक शपथ ग्रहण की पहल बनी चर्चा का विषय

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। किसी भी सामुदायिक संस्था में शपथ ग्रहण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और विश्वास का सार्वजनिक संकल्प माना जाता है। आवासीय सोसाइटी प्रबंधन में इसका महत्व और बढ़ जाता है, क्योंकि यहां फैसलों का सीधा असर निवासियों के दैनिक जीवन और सुविधाओं पर पड़ता है।

जीतने के बाद मंदिर में आशीर्वाद लेकर खुशियां मनाते सोसाइटी निवासी

 

राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैस्केड्स सोसाइटी में 19 अप्रैल को हुए चुनाव के बाद नव-निर्वाचित बोर्ड सदस्यों ने आमसभा में सार्वजनिक रूप से शपथ ग्रहण किया। निवासियों की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम AOA व्यवस्था में एक सकारात्मक और सराहनीय पहल माना जा रहा है।

बुधवार रात को सोसाइटी के क्लब हाउस में चुनाव समिति के सदस्य देवेंद्र नारंग, श्यामबाबू कुलश्रेष्ठ और संजीव पवार ने निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।  शपथ ग्रहण के दौरान नए बोर्ड सदस्यों ने कहा कि वे सोसाइटी के नियमों और उपविधियों का पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और जिम्मेदार तरीके से काम करेंगे।

नई टीम में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ

कार्यक्रम का संचालन करते हुए नवनिर्वाचित बोर्ड सदस्य अनुज राठी ने कहा कि नई टीम में कई पेशेवर क्षेत्रों का अनुभव रखने वाले सदस्य शामिल हैं।

उनके मुताबिक चुनकर आये कार्यकारिणी सदस्यों में –

अमित त्रेहान इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं।

संजीव मलिक, मोहित राठी और विवेक कौशिक मैकेनिकल इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आते हैं।

अशोक नरवाल पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक हैं।

निधि शर्मा और वंदना शर्मा समाजसेवा, पर्यावरण और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं।

विनोद तेजवानी शिक्षा विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत हैं।

ऋषि विज सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कार्यरत हैं।

अनुज राठी ने कहा कि टीम में तकनीकी, प्रशासनिक और प्रबंधन अनुभव का मिश्रण है, जो सोसाइटी के संचालन में मददगार हो सकता है।

टीम ने क्या वादे किए ?

नव-निर्वाचित टीम ने अपने कार्यकाल के लिए कुछ प्राथमिकताएं बताईं। इनमें सोसाइटी की व्यवस्थाओं को बेहतर और आधुनिक बनाना, वित्तीय स्थिति में सुधार और संसाधनों का बेहतर उपयोग, निवासियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना तथा संवाद और सूचनाओं की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल हैं। 

एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर करते निवासी

 

पुराने कार्यकाल का भी ज़िक्र

कार्यक्रम में 2019 से 2023 के बीच के कार्यकाल का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उस दौरान वित्तीय पारदर्शिता, साफ-सफाई, मेंटेनेंस व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ था। कोविड महामारी के समय सोसाइटी में मेडिकल रूम बनाए जाने का भी ज़िक्र किया गया। इसमें ऑक्सीजन सिलेंडर, कंसंट्रेटर, व्हीलचेयर और बेड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।

निवासियों से सहयोग की अपील

शपथ ग्रहण के बाद बोर्ड सदस्यों ने निवासियों का धन्यवाद किया और कहा कि सोसाइटी के विकास के लिए सामूहिक सहयोग जरूरी है। नई टीम के सामने अब व्यवस्थाओं को बेहतर करने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और निवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!