राष्ट्रवादी जनसेवक समिति ने शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की 235 प्रतिभाओं का किया सम्मान
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर स्थित आईएमए भवन, ब्लॉक-8 में राष्ट्रवादी जनसेवक समिति द्वारा आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 235 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद अतुल गर्ग रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में डिप्टी मेयर प्रवीण चौधरी एवं वरिष्ठ पत्रकार/संपादक संदीप सिंघल शामिल रहे।
इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है और ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। डिप्टी मेयर प्रवीण चौधरी ने सम्मानित छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं संदीप सिंघल ने समिति द्वारा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के सचिव राजेश त्यागी ने की। उन्होंने बताया कि समिति पिछले 12 वर्षों से गरीब बच्चों की शिक्षा के उत्थान के लिए कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखेगी।
सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 10 के दक्ष शर्मा ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 12 में श्रेया जैन ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विधि गुप्ता, शुभांशु जायसवाल, कार्तिक शर्मा एवं आरुषि चौधरी को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निशांत शर्मा, मेघा जैन, राजेश सैनी, मनीष त्यागी, पंकज अरोड़ा, गौरव स्वामी, गौरव अरोड़ा और तुषार गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।