CBSE में बड़ा प्रशासनिक भूचाल: चेयरमैन और सचिव हटाए गए, OSM घोटाले की जांच के आदेश
OSM विवाद पर केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, खरीद प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित
NEWS1UP
एजुकेशन डेस्क
नई दिल्ली। CBSE के बहुचर्चित ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) विवाद पर केंद्र सरकार ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय ने CBSE के चेयरमैन और सचिव को उनके पदों से हटा दिया है। साथ ही OSM सेवाओं की खरीद और टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, OSM प्रणाली को लेकर पिछले कई दिनों से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा विशेषज्ञों द्वारा गंभीर सवाल उठाए जा रहे थे। उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग, मूल्यांकन में विसंगतियां, तकनीकी खामियां तथा टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के आरोपों ने मामले को राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बना दिया था।
शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और यदि किसी अधिकारी या संस्था की भूमिका संदिग्ध पाई गई तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच समिति OSM सेवाओं की खरीद, चयन प्रक्रिया, तकनीकी मानकों और प्रशासनिक निर्णयों की विस्तार से पड़ताल करेगी।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में OSM प्रणाली को लेकर कई छात्रों ने मूल्यांकन संबंधी शिकायतें दर्ज कराई थीं। वहीं एक छात्र द्वारा टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को उजागर किए जाने के बाद यह मामला संसदीय समिति तक पहुंच गया था, जिससे सरकार पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।
