October 20, 2026
[t4b-ticker]

दिल्ली के होटल में भीषण अग्निकांड, 21 लोगों की मौत, कई झुलसे

0
DF

हौजरानी स्थित होटल में सुबह लगी आग ने मचाई तबाही, अधिकांश पीड़ित अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजन बताए जा रहे हैं

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के हौजरानी क्षेत्र में स्थित फ्लोरिश इन (Flourish Inn) होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में ठहरे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पांच मंजिला होटल कुछ ही समय में धुएं और आग की लपटों से घिर गया। दमकल विभाग और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और अब तक 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है।

होटल में ठहरे थे बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक

स्थानीय निवासियों के अनुसार, हौजरानी की तंग गलियों में बने इस होटल में करीब 25 कमरे थे और घटना के समय यहां 50 से अधिक लोग ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि इनमें बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल थे, जो दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में उपचार करा रहे मरीजों के परिजन या सहयोगी थे।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय अधिकांश लोग सो रहे थे, जिसके कारण कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके।

शेफ ने सुनाई भयावह मंजर की कहानी

होटल के बेसमेंट स्थित रेस्टोरेंट में कार्यरत शेफ केसर सिंह ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे जब उन्होंने इलेक्ट्रिक चूल्हा चालू करने का प्रयास किया, तभी असामान्य स्थिति का आभास हुआ।

उन्होंने बताया, 

“मुझे लगा कि कहीं पहले से आग लगी हुई है। मैंने तुरंत अपने सहायक को आग लगने की सूचना दी। जब बाहर निकलकर देखा तो होटल आग की लपटों में घिर चुका था। किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल पाया।”

छत से कूदकर बची महिला, वीडियो वायरल

इस हादसे के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला होटल की छत से नीचे कूदती दिखाई दे रही है। नीचे मौजूद लोगों ने उसकी जान बचाने के लिए गद्दे बिछा दिए थे। धुएं और आग के बीच महिला ने साहस दिखाते हुए छलांग लगाई और उसे सुरक्षित बचा लिया गया।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

राहत एवं बचाव कार्य देर तक जारी रहा। अधिकारियों का कहना है कि होटल के कई हिस्सों में घना धुआं भर जाने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आई। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

दिल्ली में आग की घटनाओं पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी वर्ष दिल्ली में कई बड़े अग्निकांड सामने आ चुके हैं। मार्च में हुए विवेक विहार अग्निकांड में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पालम क्षेत्र में लगी आग में भी नौ लोगों ने जान गंवाई थी।

हौजरानी होटल हादसे को जोड़ने पर वर्ष 2026 में दिल्ली में आग से मरने वालों की संख्या 65 से अधिक पहुंच चुकी है।

जांच के आदेश, आग के कारणों की पड़ताल शुरू

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों और होटल में मौजूद अग्नि सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!