फिरोजाबाद में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो ढेर! इटावा SOG के दो जवान घायल
लूटकांड के आरोपियों से हुई आमने-सामने की भिड़ंत
NEWS1UP
अपराध डेस्क
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और कथित बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दो आरोपित बदमाश मारे गए, जबकि इटावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों मृतक इटावा में एक डॉक्टर से लूट की घटना के आरोपी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकोहाबाद क्षेत्र के नीम खेड़िया गांव के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। बताया गया कि दोनों आरोपित ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर उन्होंने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
दो पुलिसकर्मी घायल, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर
मुठभेड़ के दौरान इटावा SOG के पुलिसकर्मी पुष्पेंद्र और डेविड गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपित बदमाश मारे गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
एक दर्जन से अधिक मुकदमे, लंबे समय से थे वांछित
पुलिस के मुताबिक, मारे गए दोनों बदमाशों सुमित यादव और अंकित के खिलाफ लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वे लंबे समय से वांछित चल रहे थे। प्रारंभिक जांच में उनका संबंध इटावा के चर्चित डॉक्टर लूटकांड से भी सामने आया है।
खेतों में घेराबंदी, सघन तलाशी अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर खेतों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं बदमाशों के अन्य साथी आसपास छिपे तो नहीं हैं। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
SSP सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में बच्चों को बंधक बनाए जाने जैसी सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह मामला केवल पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ का है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
