कांवड़ मार्गों पर दौड़ रहीं बाइक एंबुलेंस, मिनटों में मिल रहा इलाज
NEWS1UP
संवाददाता
मेरठ। श्रावण कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए योगी सरकार और मेरठ प्रशासन ने स्वास्थ्य व्यवस्था को हाईटेक बना दिया है। पहली बार 6 प्रमुख कांवड़ मार्गों पर 18 बाइक एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जो भीड़ और संकरे रास्तों में भी कुछ ही मिनटों में कांवड़ियों तक पहुंचकर प्राथमिक उपचार दे रही हैं। गंभीर मरीजों को तत्काल बड़े अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ मार्गों पर 32 हेल्थ कैंप स्थापित किए हैं, जबकि 25 निजी अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं। सभी कैंपों में डॉक्टर, दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है और सूचना मिलते ही बाइक एंबुलेंस मौके पर रवाना हो रही हैं।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रसाद की देखरेख में तैयार यह व्यवस्था कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए तेज, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है।
