[t4b-ticker]

मेरा बेटा तिरंगा दुनिया में फहराना चाहता था! मां की चीत्कार से दहला शोकसभा का माहौल!

0
FF

18 साल के बॉक्सर प्रथम सिंह की शोकसभा में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों महिलाओं ने भी दी श्रद्धांजलि

राज्यमंत्री दिनेश खटीक बोले, पुलिस ने ईमानदारी से काम नहीं किया तो मुख्यमंत्री के सामने उठाऊंगा मामला

शोक सभा के दौरान प्रथम के पिता अमित कांत

 

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। जिस उम्र में आंखों में सपने होते हैं और हाथों में मुक्केबाजी के ग्लव्स, उसी उम्र में 18 साल के बॉक्सर प्रथम सिंह की मौत ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। गुरुवार को वेव सिटी स्थित ड्रीम होम्स सोसाइटी का क्लब हाउस उस वक्त गम और आक्रोश का केंद्र बन गया, जब प्रथम की शोकसभा में सैकड़ों लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।

हर चेहरे पर प्रथम को खोने का दर्द था, लेकिन इस दर्द के साथ एक सवाल भी था कि आखिर उस दिन प्रथम के साथ हुआ क्या था ?

शोकसभा में मौजूद लोगों की आंखें उस वक्त छलक पड़ीं, जब प्रथम की मां नीतू रानी अपने बेटे के सपनों को याद करते हुए फफक-फफक कर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा भारतीय सेना में जाकर देश की सेवा करना चाहता था और बॉक्सिंग के जरिए दुनिया में तिरंगा फहराने का सपना देखता था।

मां की यह बात पूरी होते-होते शोकसभा में सन्नाटा छा गया। कई लोगों की आंखों से आंसू निकल पड़े। एक मां का सपना, एक बेटे का जुनून और अचानक छिन गई जिंदगी, इस दर्द ने पूरे माहौल को भीतर तक झकझोर दिया।

13 अगस्त की वह सुबह, जिसने खड़े कर दिए कई सवाल

प्रथम की मौत 13 अगस्त को एनएच-9 स्थित महागुनपुरम सोसाइटी में हुई थी। बताया गया कि प्रथम सोसाइटी की 15वीं मंजिल पर रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने वहां गया था। इसके बाद वह सोसाइटी की ऊपरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद से ही प्रथम के परिजन मामले को लेकर सवाल उठा रहे हैं। परिवार के दबाव के बाद थाना कविनगर पुलिस ने प्रथम की प्रेमिका और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। परिजनों ने पुलिस की शुरुआती जांच और पंचनामा की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। 

शोक सभा में अपनी संवेदना व्यक्त करते हापुड़ बीजेपी जिलाध्यक्ष कविता माधुरी, पूर्व विधायक सुरेश चंद तितौरिया, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान एवं श्रद्धांजलि देते सांसद अतुल गर्ग के प्रतिनधि राजेंद्र मेदीवाला

शोकसभा में पहुंचकर राज्यमंत्री ने दिया बड़ा बयान

प्रथम को श्रद्धांजलि देने पहुंचे उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने उसके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि पुलिस ने इस मामले में ईमानदारी से काम नहीं किया, तो वह स्वयं इस प्रकरण को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।

राज्यमंत्री के इस बयान के बाद शोकसभा में मौजूद लोगों के बीच यह उम्मीद जगी कि प्रथम की मौत की जांच अब और गंभीरता से होगी।

भाजपा नेताओं समेत सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

शोकसभा में भाजपा प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, मीरापुर के पूर्व विधायक सुरेश चंद तितौरिया, गाजियाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह, हापुड़ भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधुरी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल प्रधान, सांसद अतुल गर्ग के प्रतिनिधि राजेंद्र मेदीवाला, भाजपा पार्षद राजेंद्र तितौरिया, लोनी के भाजपा नेता कपिल प्रधान समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक लोग मौजूद रहे।

सभी ने प्रथम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उसे श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!