October 19, 2026
[t4b-ticker]

खोड़ा में आधी रात का खूनी खेल: पति ने पत्नी और बेटी को मार डाला, दूसरी बेटी गंभीर घायल

0
KH

NEWS1UP

क्राइम डेस्क

गाजियाबाद। खोड़ा के लोकप्रिय विहार इलाके में बीती देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बेटियों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्नी और 15 वर्षीय बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पति राजा अंसारी को मौके से हिरासत में ले लिया है।

घटना लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में बीती रात करीब सवा 12 बजे की है। मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला राजा अंसारी मकान की चौथी मंजिल पर पत्नी बीबी तबस्सुम (38) और दोनों बेटियों सना तबस्सुम (15) व रूबी तबस्सुम (14) के साथ किराए पर रहता था। देर रात अचानक घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर पड़ोसियों को अनहोनी का अंदेशा हुआ।

सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे के भीतर बीबी तबस्सुम और 15 वर्षीय सना खून से लथपथ मृत मिलीं, जबकि रूबी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने घायल बच्ची को तत्काल जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक समय पर उपचार मिलने के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्य बली मौर्य के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद लोकप्रिय विहार इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!