गुलमोहर एन्क्लेव में धूमधाम से मनाई गई लड्डू गोपाल की छठी
कान्हा के भजनों पर झूमीं महिलाएं, झूला झुलाकर दीं बधाइयां
आरती के बाद श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया कढ़ी-चावल का

NEWS1UP
धर्म-कर्म
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी का श्री शिव बालाजी धाम मंदिर बुधवार को भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। अवसर था लड्डू गोपाल की छठी उत्सव का, जिसमें सोसायटी की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आराधना की।

छठी उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का दौर चला। महिलाओं ने कान्हा जी के भजन और बधाई गीत गाए। ढोलक और मंजीरों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। महिलाओं ने लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर बधाइयां दीं, जिससे पूरा मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद विधि-विधान से लड्डू गोपाल की आरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने बताया कि छठी के अवसर पर आयोजित संकीर्तन में महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाया। वहीं सोसायटी की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सोसायटी के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ते हैं और आपसी प्रेम, सौहार्द व भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
लड्डू गोपाल की छठी का आयोजन आलोक मिश्रा एवं करुणा मिश्रा परिवार की ओर से किया गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी, करुणा मिश्रा, संतोष बिग, सोनिया मल्होत्रा, पंडित राजीव मिश्रा, सुरेश मिश्रा, आलोक मिश्रा, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में सोसायटी निवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
