September 10, 2026
[t4b-ticker]

BJP कार्यालय के AC में छिपा बैठा था 5 फीट का किंग कोबरा!

0
AC

पूंछ दिखी तो मचा हड़कंप, मुंह बाहर आया तो कमरे से भागे कर्मचारी

5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

NEWS1UP

संवाददाता

सीतापुर। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जिलाध्यक्ष के कमरे में लगे AC के अंदर करीब पांच फीट लंबा किंग कोबरा छिपा मिला। सांप की मौजूदगी का पता उस समय चला, जब सफाई करने पहुंचे कर्मचारी की नजर AC के पिछले हिस्से में दिखाई दे रही एक लंबी पूंछ पर पड़ी।

कर्मचारी ने जब डंडे से पूंछ को हिलाया तो सांप का पिछला हिस्सा AC से बाहर निकल आया। कुछ देर बाद किंग कोबरा का फन और मुंह AC के अगले हिस्से से बाहर दिखाई देने लगा। सामने सांप को देखकर सफाईकर्मी के होश उड़ गए और वह जान बचाकर कमरे से बाहर भागा।

AC के अंदर ‘मौत’ का साया!

सफाईकर्मी ने तत्काल बीजेपी जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला को कमरे में सांप होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और AC के अंदर छिपे सांप को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। लेकिन किंग कोबरा भी आसानी से हार मानने को तैयार नहीं था। वह AC से निकलकर पास की खिड़की तक पहुंच गया। उसे पकड़ने में वन विभाग की टीम को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

आखिरकार टीम ने करीब पांच फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद BJP कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

बेहद जहरीला होता है किंग कोबरा

किंग कोबरा बेहद विषैला सांप है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो तंत्रिका तंत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता बेहद जरूरी होती है। गनीमत रही कि सफाईकर्मी की नजर समय रहते सांप पर पड़ गई। वरना AC की सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!