September 12, 2026
[t4b-ticker]

बारिश से टूटी सड़कों पर योगी सरकार का एक्शन, त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्ग होंगे गड्ढामुक्त

0
CM

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। बारिश और बाढ़ से बदहाल सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाया जाए और बरसात खत्म होने के बाद जरूरत के मुताबिक उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित किए गए हैं। गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान इन मार्गों पर भारी आवागमन को देखते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।

पैचवर्क तक सीमित न रहे गड्ढामुक्ति अभियान

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति सिर्फ खानापूर्ति या पैचवर्क तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जहां सड़क की हालत ज्यादा खराब है, वहां पहले उसे सुरक्षित आवागमन योग्य बनाया जाए और बारिश के बाद स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। उन्होंने स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बाजार और सरकारी कार्यालयों से जुड़े मार्गों की मरम्मत तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।

4.36 लाख किमी सड़कों की समीक्षा, 50 हजार किमी का लक्ष्य

बैठक में सामने आया कि नौ विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं। मौजूदा अभियान में करीब 50 हजार किलोमीटर मार्गों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक करीब 5,751 किलोमीटर पर काम पूरा होने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा करीब 30 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण और 5 हजार किलोमीटर की विशेष मरम्मत का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग ब्रजेश सिंह, राज्य मंत्री औद्योगिक विकास विभाग जसवंत सिंह सैनी, राज्य मंत्री जल शक्ति रामकेश निषाद तथा राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विजय लक्ष्मी गौतम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!