SG GRAND में AOA चुनाव का शंखनाद, 27 सितंबर को होगा मतदान
नामित चुनाव अधिकारी ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम
15 सितंबर से मतदाता सूची की प्रक्रिया, 21 सितंबर से नामांकन
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की SG GRAND सोसाइटी में अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (AOA) के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। नामित चुनाव अधिकारी ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए 27 सितंबर को मतदान की तारीख तय कर दी है। चुनावी कार्यक्रम जारी होने के साथ ही सोसायटी में AOA की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर सरगर्मी तेज होने की उम्मीद है।
चुनाव अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक 15 सितंबर को सुबह 11 बजे अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद सदस्यों को सूची पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। 18 सितंबर दोपहर 2 बजे तक आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण कर 19 सितंबर शाम 5 बजे अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
21 सितंबर से शुरू होगा नामांकन का दौर
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद चुनावी प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश करेगी। 21 सितंबर को सुबह 11 बजे से 22 सितंबर शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 23 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 24 सितंबर को वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी।
चुनाव कार्यक्रम में प्रत्येक प्रत्याशी के लिए 2,500 रुपये नामांकन शुल्क निर्धारित किया गया है। साथ ही नामांकन के साथ अपार्टमेंट स्वामित्व, सदस्यता, पहचान पत्र और शुल्क जमा करने की रसीद समेत निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।

27 सितंबर को मतदान, तीन बजे से मतगणना
एसजी ग्रैंड सोसाइटी के AOA चुनाव का सबसे अहम दिन 27 सितंबर होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी।
चुनाव अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया के लिए सोसायटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1860, उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट (प्रमोशन ऑफ कंस्ट्रक्शन, ओनरशिप एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2010 और आदर्श उपविधि, 2011 के प्रावधानों का उल्लेख किया है।
मतदाता सूची से लेकर परिणाम तक, 12 दिन में पूरी होगी प्रक्रिया
दिलचस्प बात यह है कि 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से लेकर 27 सितंबर को मतदान और मतगणना तक पूरी चुनावी प्रक्रिया बेहद कम समय में पूरी होगी। ऐसे में मतदाता सूची की शुद्धता, नामांकन प्रक्रिया और चुनावी पारदर्शिता पर सभी की निगाहें रहेंगी।
