September 28, 2026
[t4b-ticker]

कायस्थ महासम्मेलन में रोजगार और शिक्षा पर जोर, 18 राज्यों से जुटे समाज के प्रतिनिधि

0
FF

वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने किया उद्घाटन, ‘कायस्थ शादी-विवाह डॉट कॉम’ वेबसाइट का शुभारंभ

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद चित्रांश महासभा की ओर से रविवार को लोहिया नगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में कायस्थ महासम्मेलन आयोजित किया गया। चित्रगुप्त पूजन, गणेश वंदना और चित्रगुप्त वंदना के साथ शुरू हुए सम्मेलन में रोजगार, व्यवसाय, शिक्षा और सामाजिक एकजुटता जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के कई शहरों से कायस्थ संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज के युवाओं से रोजगार के लिए केवल नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय व्यवसाय और उद्यमिता की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

इसके बाद मंत्री ने ‘कायस्थ शादी-विवाह डॉट कॉम’ नाम से तैयार वैवाहिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। आयोजकों के अनुसार, वेबसाइट के माध्यम से कायस्थ समाज के परिवारों को वैवाहिक संबंधों के लिए एक डिजिटल मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

शिक्षा को लेकर समाज से आगे आने का आह्वान

महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सह अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में नई अलख जगाने की दिशा में काम करना चाहिए।

लोनी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि कायस्थ समाज के बिना सामाजिक व्यवस्था अधूरी है। उन्होंने कहा कि कायस्थ परिवार केवल अपने हितों की चिंता नहीं करता, बल्कि देश और समाज के विषयों पर भी चिंतन करता है। उन्होंने चित्रगुप्त परिवार के योगदान को सनातन परंपरा से जोड़ते हुए इसकी सामाजिक भूमिका का उल्लेख किया।

नंदग्राम के नगर पार्षद वीरेंद्र त्यागी ने कहा कि समाज के विकास और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में चित्रगुप्त परिवार का योगदान आज भी महत्वपूर्ण है।

18 राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधि

महासम्मेलन में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, तेलंगाना और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से कायस्थ संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कई शहरों से भी प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लिया।

कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और प्रतिनिधियों का गाजियाबाद चित्रांश महासभा के अध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव ने सम्मान और अभिनंदन किया। सम्मेलन के समापन पर महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नूपुर श्रीवास्तव ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!