प्रभावित गांवों के विकास को लेकर भाकियू मंच ने प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन
सड़क, जल निकासी, बरातघर, पार्क और खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
NEWS1UP
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण से प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने मंगलवार को प्राधिकरण के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम ज्ञापन एसीओ लक्ष्मी सिंह और डीजीएम विजय रावल को सौंपा गया। इस दौरान गांवों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि ग्राम पंचायत चुनाव के बाद गांवों में विकास कार्यों की गति धीमी हुई है। उन्होंने सड़क, जल निकासी, बरातघर, पार्क और खेल मैदान समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मंच के प्रदेश संगठन मंत्री सोनू यादव ने ग्राम सभा की जमीनों को चिह्नित कर जनहित के कार्यों में इस्तेमाल करने की मांग की। जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने तिलपता में कंटेनर डिपो के चलते जाम और जलभराव की समस्या उठाई। वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील भाटी ने प्रभावित गांवों और आसपास विकसित कॉलोनियों में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन ग्रामीणों के हित में आंदोलन करेगा। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एडवोकेट दिनेश भाटी, प्रेम सिंह यादव, वंश यादव, सोनू भाटी, अनिल भाटी, सचिन शर्मा, रामनिवास यादव, रविंद्र यादव, सागर, रोहित, मोनू, दीपक यादव, जोगिंदर यादव, प्रवेश यादव और मोहित यादव समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
