मेरठ के ‘नीले ड्रम’ हत्याकांड में बड़ा फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार
126 सुनवाइयों और 22 से अधिक गवाहों के बाद दोनों दोषी, 14 अक्टूबर को सजा पर होगी सुनवाई
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
मेरठ। बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में बुधवार को अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को हत्या का दोषी करार दिया। जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत में चले इस चर्चित मुकदमे में लंबी सुनवाई, गवाहों के बयान और साक्ष्यों पर हुई बहस के बाद दोनों को दोषसिद्ध किया गया है। अब 14 अक्टूबर को अदालत सजा के बिंदु पर सुनवाई करेगी।
नीले ड्रम में टुकड़ों में मिला था शव
मार्च 2025 में सामने आए इस हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी पैदा कर दी थी। सौरभ राजपूत का शव उसके ही घर में रखे नीले ड्रम के अंदर टुकड़ों में बरामद हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद सौरभ की पत्नी मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार किया था।
अभियोजन के अनुसार, 3 मार्च 2025 को सौरभ की हत्या की गई और अगले दिन शव को टुकड़ों में कर नीले ड्रम में छिपा दिया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों के शिमला जाने की बात भी जांच में सामने आई। 17 मार्च को पुलिस ने सौरभ का शव बरामद किया और 19 मार्च को मुस्कान व साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
126 तारीखें, 22 से ज्यादा गवाह और करीब 13 महीने चली बहस
मामले की सुनवाई जुलाई 2025 में जिला जज की अदालत में शुरू हुई। इसके बाद करीब 13 महीने तक मुकदमे की सुनवाई और बहस चली। इस दौरान अदालत में 126 तारीखें पड़ीं और 22 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
मामले में अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों तथा दलीलों पर अदालत ने सुनवाई की। बुधवार को अदालत ने दोनों आरोपियों को हत्या का दोषी करार देते हुए अब सजा के लिए अगली तारीख तय कर दी।
परिवार ने मांगी फांसी की सजा
सौरभ राजपूत के परिवार की ओर से दोनों दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की गई है। वहीं, बचाव पक्ष की ओर से सजा में नरमी की मांग किए जाने की बात सामने आई है। बचाव पक्ष ने सौरभ की बेटी को भी सजा के बिंदु पर राहत का आधार बताया है।
अब 14 अक्टूबर को अदालत में दोषियों की सजा पर बहस होगी, जिसके बाद अदालत दंड को लेकर फैसला सुनाएगी।
‘नीला ड्रम हत्याकांड’ की टाइमलाइन
3 मार्च 2025: सौरभ राजपूत की हत्या
4 मार्च: शव को टुकड़ों में कर नीले ड्रम में छिपाने का आरोप
5 मार्च: मुस्कान और साहिल के शिमला जाने की जानकारी
17 मार्च: नीले ड्रम से सौरभ का शव बरामद
19 मार्च: मुस्कान और साहिल गिरफ्तार
जुलाई 2025: जिला अदालत में ट्रायल शुरू
30 सितंबर 2026: दोनों दोषी करार
14 अक्टूबर 2026: सजा के बिंदु पर सुनवाई
अब सबकी निगाहें 14 अक्टूबर पर हैं, जब अदालत यह तय करेगी कि ‘नीले ड्रम’ हत्याकांड में दोषी ठहराए गए मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को क्या सजा दी जाएगी।
