[t4b-ticker]

नौकरी से आगे समाधान गढ़ रहे युवा!

0
FF

यूपी राइज में स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार से जुड़े नवाचारों की प्रस्तुति

रिएक्ट हाइड्रोजेल प्रथम, ‘साथी’ रनर-अप

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के विजन के तहत युवाओं की प्रतिभा को नवाचार, उद्यमिता और रोजगार से जोड़ने की पहल यूपी राइज के मंच पर दिखाई दी। बुधवार को शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पेश किए। प्रतियोगिता में रिएक्ट हाइड्रोजेल को प्रथम और फालिया व ताबिश के स्टार्टअप ‘साथी’ को रनर-अप पुरस्कार मिला।

रिएक्ट हाइड्रोजेल की फाउंडर इरम जहां ने पशुओं के घाव के उपचार को आसान बनाने के उद्देश्य से एंटीऑक्सीडेंट गुणों वाला हाइड्रोजेल विकसित किया है। उनका प्रोजेक्ट पशु स्वास्थ्य से जुड़ी एक व्यावहारिक समस्या के लिए उत्पाद आधारित समाधान पेश करने के कारण निर्णायकों के बीच प्रभाव छोड़ने में सफल रहा।

वहीं, रनर-अप रहे ‘साथी’ स्टार्टअप का उद्देश्य कारोबारियों और कुशल वर्किंग प्रोफेशनल्स के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। फालिया और ताबिश ने ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो कारोबारियों की जरूरत के मुताबिक उपयुक्त प्रतिभा तलाशने और प्रोफेशनल्स को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

मेंटर्स ने परखी आइडिया की जमीन

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने प्रोजेक्ट मेंटर्स के सामने प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने आइडिया की उपयोगिता, कार्यप्रणाली, संभावित चुनौतियों और बड़े स्तर पर लागू किए जाने की संभावनाओं को लेकर सवाल किए। उज्ज्वल सिंह, विश्व शर्मा, पंकज जैन और मनीष नाथ ने मेंटर की भूमिका निभाई। इस संवाद ने युवाओं को अपने आइडिया को केवल प्रस्तुति तक सीमित रखने के बजाय उसे व्यावहारिक उत्पाद या सेवा में बदलने की दिशा में सोचने का अवसर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टोरीटेलर और इनफ्लुएंसर परितोष आनंद रहे। शारदा यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा ऊर्जा और नई सोच से भरे हैं और उन्हें सही दिशा व अवसर मिलें तो प्रदेश की तस्वीर बदल सकती है।

कार्यक्रम में ‘शक्ति क्षेत्र’ के तहत विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए, जहां युवाओं को प्रदेश सरकार की योजनाओं, उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!