राजनगर एक्सटेंशन की सिग्नेचर होम्स सोसायटी में हिंसा: गार्ड और मेंटिनेंस स्टाफ घायल!

0

पानी विवाद बना हिंसा की वजह

NEWS1UP 

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की सिग्नेचर होम्स सोसायटी में बीती रात सुरक्षा कर्मियों और मेंटिनेंस स्टाफ पर हुए हमले ने निवासियों में गुस्सा भड़का दिया है। हमले का मुख्य कारण सोसायटी परिसर में बनी वीर जी मलाई चाप की दुकान बताई जा रही है, जिस पर लंबे समय से पानी की बर्बादी और देर रात असामाजिक गतिविधियों के आरोप लगते रहे हैं।

 पानी की बर्बादी से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, वीर जी मलाई चाप की दुकान को पानी सोसायटी की ही टंकी से सप्लाई होता है। सिग्नेचर होम्स के एओए अध्यक्ष निशांत श्रीवास्तव के अनुसार, “दुकान पर पानी की बर्बादी बहुत अधिक होती है। रात में 1 से 2 बजे तक यह दुकान खुली रहती है और पानी की टंकी को खुला छोड़ दिया जाता है। कई बार समझाने के बावजूद दुकान मालिक दबंगई दिखाते हैं और गाली-गलौच करते हैं।” 

सुरक्षा/मेंटिनेंस कर्मियों पर हमला

बुद्धवार रात पानी की सप्लाई में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे मेंटिनेंस कर्मचारी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वीर जी मलाई चाप के लोग जबरन सोसायटी की सुरक्षा चौकी में घुस आए और बिना किसी कारण सुरक्षा गार्डों व इलेक्ट्रीशियन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक सुरक्षा और एक मेंटिनेंस कर्मी घायल हो गए और घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया।

हमले के बाद सिक्योरिटी गेट

 शिकायत पहुँची DCP, DGP और CM तक

सोसायटी के निवासियों ने इस घटना की लिखित शिकायत नंदग्राम थानाध्यक्ष को दी है, साथ ही यह मामला अब गाज़ियाबाद DCP, उत्तर प्रदेश DGP और मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँचाया गया है। निवासियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर भी टेग कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हमले में जख्मी इलेक्ट्रीशियन

 एओए अध्यक्ष बोले: अब पानी सिर के ऊपर से चला गया है

निशांत श्रीवास्तव

सिग्नेचर होम्स के एओए अध्यक्ष निशांत श्रीवास्तव ने कहा,

“हम कई बार प्रशासन और स्थानीय पुलिस से शिकायत कर चुके हैं कि वीर जी मलाई चाप की दुकान से रात में हंगामा, शराबखोरी और पानी की बर्बादी होती है। अब मामला हिंसा तक पहुँच गया है। हम इसकी शिकायत सीधे पुलिस कमिश्नर से करेंगे।”

रेजिडेंट रिचा शर्मा कहती हैं कि-

रिचा शर्मा (रेज़िडेंट)


“शाम ढलते ही सोसायटी गेट शराबख़ाना बन जाता है। बाहरी गाड़ियाँ लाइन लगाकर खड़ी होती हैं और उनमें खुलेआम शराब पी जा रही होती है। हम महिलाओं के लिए बाहर निकलना तक असुरक्षित हो गया है।

रिचा आगे कहती हैं ‘मलाई चाप कॉर्नर’ अब ‘ड्रिंकिंग कॉर्नर’ बन चुका है। पीछे बने बैडमिंटन कोर्ट के निकट नशे में धुत लोग खुले में पेशाब करते हैं, वहीं शराब और बीयर की बोतलें फेंक जाते हैं। ऐसे गंदे और डरावने माहौल में हमारे बच्चे खेलें भी तो कैसे?”

एओए सेक्रेटरी देव प्रकाश शर्मा का कहना है कि-

देव प्रकाश शर्मा


“यह हाल अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी रेजिडेंट्स की बैठक बुलाकर इस समस्या पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अगर पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो एओए जन आंदोलन का बिगुल बजाने में देर नहीं करेगा।”

सोसायटी निवासियों ने मांग की है कि वीर जी मलाई चाप की दुकान पर तुरंत कार्रवाई हो सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपियों की पहचान की जाए सोसायटी के सुरक्षा कर्मियों को पुलिस सुरक्षा दी जाए सोसायटी परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों की कानूनी समीक्षा की जाए।

सिग्नेचर होम्स सोसायटी में यह कोई पहली घटना नहीं है जब निवासियों और बाहरी तत्वों के बीच टकराव हुआ हो। लेकिन इस बार मामला सीधा सुरक्षा कर्मियों पर हिंसक हमले तक पहुँच गया है, जिसने पूरे राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की चुगली की है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होती है अथवा नहीं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!