February 11, 2026

योगी आदित्यनाथ का तीखा प्रहार: बोले, INDI गठबंधन के तीन बंदर हैं पप्पू, टप्पू और अप्पू!

0
4
0

NEWS 1UP

पटना।  बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में उतरते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्षी INDI गठबंधन पर तीखा हमला बोला। एक चुनावी सभा में योगी आदित्यनाथ ने गांधीजी के तीन बंदरों की कथा का संदर्भ देते हुए कहा, आपने गांधी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा, जो बुरा न देखें, बुरा न सुनें और बुरा न बोलें। अब INDI गठबंधन के अपने तीन बंदर आ गए हैं, पप्पू, टप्पू और अप्पू। पप्पू सच नहीं बोल सकता, टप्पू सही को देख नहीं सकता और अप्पू सच सुन नहीं सकता।

बिहार की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश

सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी मिलकर देश को जातीय और धार्मिक आधार पर बांटने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, इन तीनों ने परिवार के माफियाओं को बहला-फुसलाकर बिहार की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की है। इन्होंने बिहार में जाति को जाति से लड़ाया, बंदूक और पिस्तौल की राजनीति को बढ़ावा दिया। ये वही लोग हैं जो घुसपैठियों को आमंत्रित करते हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करते हैं।

कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त कराया, कांग्रेस का पाप था अनुच्छेद 370

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि कश्मीर की समस्या की जड़ कांग्रेस रही है। उन्होंने कहा, कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू करना कांग्रेस का पाप था। इसकी वजह से वहां से हिंदू पलायन को मजबूर हुए और पाकिस्तानी तत्वों को जगह मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर को आतंकवाद और उग्रवाद से मुक्त कराया है।

उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन्होंने अपहरण को उद्योग बना दिया और माफिया को अपना शिष्य बना लिया। लेकिन हमने बुलडोजर चलाकर ऐसे माफियाओं का समाधान कर दिया है।

बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं: डबल इंजन सरकार का संदेश

बिहार में एनडीए की जीत को राज्य की सुरक्षा और विकास से जोड़ते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, एनडीए की जीत बिहार की जीत है। अगर हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं। एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे। अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका है, अब राम-जानकी मार्ग बन रहा है। पहले जहां आने में 16 घंटे लगते थे, अब लखनऊ से सिर्फ 45 मिनट में पहुंच सकता हूं, यही डबल इंजन सरकार का असर है। योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को मखाना बोर्ड, जलमार्ग और विकास परियोजनाओं के जरिये नई दिशा मिली है।

कांग्रेस ने किया पलटवार: मुख्यमंत्री की भाषा संविधान विरोधी

योगी आदित्यनाथ के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषा भाजपा के संस्कार और भाषा शून्यता को दर्शाती है। बिहार में दिया गया उनका भाषण संत और संविधान दोनों विरोधी है। राहुल गांधी देश के नेता हैं, उनके लिए ‘पप्पू, टप्पू और अप्पू’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल लोकतंत्र का अपमान है। अवस्थी ने कहा कि बिहार की जनता इस तरह की असंयमित भाषा का जवाब चुनाव में देगी और महागठबंधन को विजयी बनाएगी।

योगी आदित्यनाथ का यह बयान न केवल चुनावी माहौल को गरमाने वाला है, बल्कि भाजपा की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है, जिसमें विपक्ष को परिवारवाद, जातिवाद और माफियावाद से जोड़कर पेश किया जा रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस इसे व्यक्तिगत हमले और असंवैधानिक भाषा का मामला बताकर जनता की सहानुभूति जुटाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!