सीएम योगी का एयरपोर्ट निरीक्षण और मेदांता का शुभारंभ बना चर्चा का केंद्र!

NEWS1UP
संवाददाता
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। गुरुवार का दिन गौतमबुद्ध नगर के लिए विशेष रहा, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक निरीक्षण और उद्घाटन कार्यक्रमों की श्रृंखला के साथ जिले में पहुंचे। सबसे पहले सीएम योगी ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। करीब एक माह में यह उनका एयरपोर्ट का दूसरा निरीक्षण दौरा था, जिससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार एयरपोर्ट संचालन की तैयारियों को लेकर गंभीर और अंतिम चरण में है।
एयरपोर्ट निरीक्षण: अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक

मुख्यमंत्री ने पहुंचते ही अधिकारियों के साथ बैठक की और एयरपोर्ट के विभिन्न सेक्शनों की तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं के निर्माण की गति को परखा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी इस मौके पर मौजूद रहे। टर्मिनल बिल्डिंग के सामने तैयार हेलीपैड पर सीएम योगी का स्वागत जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने किया।

सूत्रों के अनुसार नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की स्टैंडिंग कमेटी द्वारा दो दिन की अंतिम सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही डीजीसीए को भेजी जाएगी, जिसके बाद एयरोड्रम लाइसेंस मिलने का मार्ग साफ हो जाएगा। अनुमान है कि एयरपोर्ट का उद्घाटन 15 दिसंबर या उससे पहले भी संभव है।
मेदांता अस्पताल का भव्य उद्घाटन

एयरपोर्ट निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा सेक्टर-50 स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर पहुंचते ही वातावरण जयघोष से गूंज उठा। उद्घाटन के बाद पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। अस्पताल के निदेशक और देश के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नरेश त्रेहन स्वयं मुख्यमंत्री के साथ रहे और उन्हें अस्पताल की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से अवगत कराया।
कैथलैब का भी निरीक्षण
सीएम योगी ने अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक कैथलैब का निरीक्षण किया, जहां उनके साथ जिलाधिकारी मेधा रूपम, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन से जनसाधारण के लिए बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तेजी से बदल रहा गौतमबुद्ध नगर का परिदृश्य
मुख्यमंत्री के हालिया दौरों और केंद्रीय मंत्रियों की सक्रियता से स्पष्ट है कि गौतमबुद्ध नगर तेजी से बड़े बदलावों की ओर बढ़ रहा है, चाहे वह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट का निर्माण हो या अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. द्वारा निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है, और सरकार एयरपोर्ट को जल्द से जल्द उड़ानों के लिए तैयार करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।
सीएम योगी का यह दौरा न केवल विकास कार्यों की प्रगति का संकेत है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि राज्य सरकार परियोजनाओं की समयबद्धता को लेकर अत्यंत सजग है। जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तिथि घोषित होने की उम्मीद है, जिसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान और गति मिलने वाली है।
