February 10, 2026

उत्तर प्रदेश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र को साकार कर रहा है: योगी आदित्यनाथ

0
0
0

 इंडियन सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी

का 54वां वार्षिक अधिवेशन

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश आज न केवल भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है, बल्कि विकास, सुशासन और आधुनिकता का भी मजबूत प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी कोई भारत की आत्मा में देखना चाहता है, वह सब उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से लखनऊ में देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी के 54वें वार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने अपने वक्तव्य में काशी, अयोध्या और मथुरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश भारत की सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का केंद्र रहा है। काशी, जहां से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में राष्ट्र का नेतृत्व कर रहे हैं, आज वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को और सशक्त कर रही है। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के निर्माण ने न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाई है, बल्कि वाराणसी को एक अंतरराष्ट्रीय धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला का भव्य मंदिर अब साकार रूप ले चुका है, जो करोड़ों राम भक्तों के लिए आस्था और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अयोध्या को केवल धार्मिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि एक आधुनिक और पर्यावरण–अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेज़ी से कार्य हो रहा है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और सतत विकास का मॉडल प्रस्तुत किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि उत्तर प्रदेश की धरती भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा–वृंदावन का भी गौरव समेटे हुए है। मथुरा–वृंदावन में चल रही विकास परियोजनाएं, यमुना नदी के पुनर्जीवन और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से वहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

समारोह में उपस्थित गणमान्य लोग

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश ने कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, स्मार्ट सिटी और औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश की आर्थिक तस्वीर बदल दी है। आज उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य बन रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब केवल अतीत की विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश भविष्य के भारत का मार्गदर्शन भी कर रहा है। आध्यात्मिकता और आधुनिकता के संतुलन के साथ उत्तर प्रदेश “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र को साकार कर रहा है।

सीएम ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के सामने एक ऐसे राज्य के रूप में उभरेगा, जहां आस्था, संस्कृति, तकनीक और विकास एक साथ आगे बढ़ते दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!