कोडिन पर सदन में योगी का करारा वार: बोले, यूपी में एक भी मौत नहीं, 2016 का लाइसेंस सपा की देन!

0

देश में दो नमूने हैं,

जब कोई चर्चा होती है तो देश छोड़कर भाग जाते हैः मुख्यमंत्री

समय आने पर होगी बुलडोजर कार्रवाई, तब चिल्लाइएगा नहीं: योगी

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। विधानसभा में कोडिन कफ सिरप के मुद्दे पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए सरकार का पक्ष मजबूती से रखा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडिन कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है, जबकि इस पूरे प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा

मुख्यमंत्री ने सदन में उठाए गए सवालों को तथ्यों से काटते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “प्रश्न क्या है और चर्चा किस दिशा में ले जाई जा रही है, माननीय सदस्यों को अध्ययन के साथ आना चाहिए और सदन की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।” सीएम ने ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ कहावत का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी को आईना दिखाया।

2016 में जारी लाइसेंस, आज सवाल

सीएम योगी ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि यूपी के सबसे बड़े होलसेलर को 2016 में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान लाइसेंस जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि उसी होलसेलर को एसटीएफ ने पकड़ा है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “देश में दो नमूने हैं, एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। जैसे ही कोई चर्चा होती है, देश छोड़कर निकल लेते हैं। आप चिल्लाते रहेंगे और ‘बबुआ’ सैर-सपाटे के लिए इंग्लैंड चले जाएंगे।”

यूपी में प्रोडक्शन नहीं, इललीगल डायवर्जन का खेल

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडिन कफ सिरप का प्रोडक्शन नहीं होता। यहां केवल स्टॉकिस्ट और होलसेलर हैं। इसका निर्माण मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों में होता है। जिन मौतों का हवाला दिया जा रहा है, वे अन्य राज्यों से जुड़ी हैं, कुछ प्रकरणों में तमिलनाडु में बने सिरप का उल्लेख आया है।

सीएम ने कहा कि यह पूरा मामला इललीगल डायवर्जन का है, जिसमें सहारनपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर और वाराणसी के होलसेलरों द्वारा इसे उन देशों व राज्यों में भेजा गया, जहां मद्य निषेध है और नशे के आदी लोग इसका दुरुपयोग करते हैं।

चिकित्सकीय परामर्श के बिना सेवन नहीं

मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि कोडिन कफ सिरप का सेवन चिकित्सकीय परामर्श के बिना नहीं किया जा सकता। दवा पर स्पष्ट चेतावनी अंकित होती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष तथ्यों से अनभिज्ञ होकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।

कार्रवाई का ब्योरा: 79 केस, 225 नामज़द

सरकार की कार्रवाई का विवरण देते हुए सीएम योगी ने बताया कि अब तक 79 अभियोग दर्ज, 225 अभियुक्त नामज़द, 78 गिरफ्तारियां और 134 फर्मों पर छापेमारी की जा चुकी है। जांच में बार-बार यह तथ्य सामने आ रहा है कि कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग संलिप्त पाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अवैध लेन-देन लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते के माध्यम से हुआ, जिसकी एसटीएफ गहन जांच कर रही है। कोर्ट ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं, जिसे सरकार ने मजबूती से लड़ा और सफलता भी पाई है।

बुलडोजर कार्रवाई पर चेतावनी

सीएम योगी ने विपक्ष को साफ संदेश देते हुए कहा, “चिंता मत कीजिए, समय आने पर बुलडोजर कार्रवाई की पूरी तैयारी रहेगी, उस वक्त चिल्लाइएगा नहीं।” उन्होंने दोहराया कि कानून अपना काम करेगा और इस प्रकरण में कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा

सदन में मुख्यमंत्री के इस सख्त और तथ्यात्मक जवाब ने विपक्ष की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए, वहीं सरकार की कार्रवाई और रुख को लेकर स्पष्ट संदेश भी दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!