योगी राज में अपराधियों पर कहर: 8 साल में 16,284 एनकाउंटर, 2025 बना सबसे सख्त साल!

0

डीजीपी राजीव कृष्ण ने जारी किए आंकड़े

2025 में 48 बदमाश ढेर

4,137 करोड़ की माफिया संपत्ति पर चला बुलडोजर

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सख्त रुख का संदेश दिया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 20 मार्च 2017 से 29 दिसंबर 2025 तक की पुलिस कार्रवाई से जुड़े अहम आंकड़े साझा किए। इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि बीते आठ वर्षों में यूपी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभूतपूर्व अभियान चलाया है, जिसमें 2025 अब तक का सबसे सख्त साल साबित हुआ।

2025: एनकाउंटर के लिहाज से रिकॉर्ड वर्ष

डीजीपी राजीव कृष्ण के मुताबिक, साल 2025 में यूपी में कुल 2,739 पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) हुए। इनमें- 

48 अपराधी मारे गए

3,153 बदमाश घायल हुए

डीजीपी ने बताया कि बीते आठ वर्षों में यह सबसे ज्यादा एनकाउंटर और मारे गए अपराधियों का आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि 2025 में भी यूपी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही और अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम किया गया।

2017 से 2025: अपराधियों पर लगातार शिकंजा

डीजीपी द्वारा साझा आंकड़ों के अनुसार 2017 से अब तक कुल 16,284 एनकाउंटर हुए हैं, इनमें 266 अपराधी मारे गएजबकि 10,990 बदमाश घायल किए गए। राजीव कृष्ण ने कहा कि यह आंकड़े यूपी पुलिस की उस रणनीति का नतीजा हैं, जिसके तहत संगठित अपराध, माफिया नेटवर्क और आदतन अपराधियों पर सीधी कार्रवाई की गई।

माफिया पर बुलडोजर और जब्ती की कार्रवाई

सिर्फ एनकाउंटर ही नहीं, यूपी पुलिस ने माफिया अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने पर भी खास जोर दिया। डीजीपी के अनुसार, कुल 4,137 करोड़ रुपये की संपत्ति या तो जब्त की गई या बुलडोजर से ध्वस्त की गई। यह कार्रवाई उन माफियाओं के खिलाफ की गई, जिन्होंने अवैध तरीके से संपत्ति खड़ी कर कानून को चुनौती दी थी।

लाउडस्पीकर अभियान भी जारी

कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक संतुलन पर भी पुलिस ने ध्यान दिया। डीजीपी ने बताया कि 1,17,145 लाउडस्पीकर धार्मिक स्थलों से हटवाए गए, जबकि 1,85,468 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुसार कम कराई गई।

अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी राजीव कृष्ण ने दो टूक कहा कि यूपी पुलिस राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून का राज स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ किया कि आने वाले समय में भी अपराधियों, माफियाओं और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!