विधायक कॉलोनी में गंगा जल की बर्बादी पर RWA का विरोध, निगम से की तत्काल कार्रवाई की मांग!

0
0
0

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। इंदिरापुरम में नगर निगम क्षेत्र की विधायक कॉलोनी में गंगा जल आपूर्ति के दौरान लगातार हो रहे ओवरफ्लो ने गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। हर सप्ताह टंकी अथवा पाइपलाइन से गंगा जल के बह जाने के कारण लाखों लीटर पानी व्यर्थ नालियों में चला जा रहा है। इस समस्या को लेकर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने नगर निगम आयुक्त को औपचारिक शिकायत सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने बताया कि जलापूर्ति के समय ओवरफ्लो की स्थिति नियमित रूप से उत्पन्न हो रही है, जिससे न केवल बहुमूल्य जल संसाधन नष्ट हो रहे हैं, बल्कि सड़कों, पार्क पर जलभराव और अस्वच्छता भी फैल रही है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं।

आरडब्ल्यूए ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने नगर निगम से मांग की है कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा ओवरफ्लो रोकने के लिए स्थायी समाधान लागू किया जाए। इसमें ऑटोमैटिक कंट्रोल सिस्टम लगाने और नियमित मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!