16 सितंबर के आंदोलन की तैयारी तेज, गांव-गांव पहुंचा जनसंपर्क अभियान
यूजीसी और आरक्षण के मुद्दे पर ग्रामीणों व युवाओं से संपर्क, दादरी में जुटने की अपील
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी। यूजीसी और आरक्षण के मुद्दे को लेकर 16 सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंडित पीतांबर शर्मा के नेतृत्व में 5 सितंबर को क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। उनके साथ परमानंद शर्मा, रामकुमार शर्मा, ज्ञानचंद शर्मा, रामदत्त शर्मा, जयप्रकाश शर्मा और रतनवीर शर्मा मौजूद रहे।
अभियान की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे बछेड़ा गांव से हुई। यहां ग्रामीणों के साथ बैठक कर यूजीसी और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान लोगों से 16 सितंबर को दादरी पहुंचकर प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।
इसके बाद टीम दूसरे गांव पहुंची, जहां अतुल शर्मा की ओर से आयोजित युवाओं की बैठक में पंडित पीतांबर शर्मा ने आंदोलन से संबंधित जानकारी साझा की। युवाओं से 16 सितंबर को सुबह 10 बजे दादरी पहुंचने और प्रस्तावित पैदल मार्च में शामिल होने का आह्वान किया गया।

प्यावली में 50-60 लोगों की बैठक
जनसंपर्क अभियान के दौरान टीम प्यावली गांव भी पहुंची। यहां मामचंद शर्मा की ओर से हनुमान मंदिर में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में करीब 50-60 लोग मौजूद रहे। शुरुआत में मामचंद शर्मा ने पंडित पीतांबर शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद यूजीसी और आरक्षण के मुद्दे पर लोगों के बीच आंदोलन का पक्ष रखा गया और 16 सितंबर के कार्यक्रम में भागीदारी की अपील की गई।
इसके बाद रसूलपुर में रविंदर तोमर के यहां ग्रामीणों से मुलाकात की गई। वहीं, प्रधान मामचंद सिसोदिया की ओर से आयोजित बैठक में भी लोगों को आंदोलन के मुद्दों की जानकारी दी गई।
बैठक में वक्ताओं ने यूजीसी से जुड़े प्रस्तावों और आरक्षण व्यवस्था को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मुद्दों पर सरकार की नीतियों का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ सकता है और इसे लेकर व्यापक जनजागरूकता की जरूरत है।
बरसातमारा में भी जुटे ग्रामीण, दिखा उत्साह
इसके बाद बरसातमारा गांव में प्रधान भीष्म शर्मा की ओर से बैठक आयोजित की गई। यहां भी लोगों से 16 सितंबर को दादरी से निकलने वाले जुलूस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। आयोजकों के मुताबिक बैठक में ग्रामीणों और युवाओं में आंदोलन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
शाम करीब 6 बजे दिनेश शर्मा के यहां आयोजित बैठक में भी आंदोलन को लेकर संपर्क किया गया। इस दौरान दिनेश शर्मा की ओर से 10 गाड़ियों के साथ लोगों को दादरी लाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ओमवीर शर्मा, चंद्रभान शर्मा और प्रधान अंकित समेत अन्य लोगों से संपर्क कर आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
दादरी से पैदल मार्च निकालने की तैयारी
आयोजकों के मुताबिक 16 सितंबर को सुबह 10 बजे दादरी में लोगों के एकत्र होने के बाद पैदल मार्च निकाला जाएगा। आंदोलन को लेकर क्षेत्र के गांवों में लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि अभियान का अगला चरण घोड़ी गांव से शुरू किया जाएगा। उनका दावा है कि अब तक जिन गांवों में संपर्क किया गया है, वहां लोगों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है और 16 सितंबर को बड़ी संख्या में लोगों के दादरी पहुंचने की उम्मीद है।
