एएम ग्रुप–इन्वेस्ट यूपी के बीच एमओयू, यीडा में बनेगा 1 GW एआई–एचपीसी हब!
2030 तक पूर्ण क्षमता से संचालन का लक्ष्य
25 अरब डॉलर निवेश प्रस्तावित
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश को एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। एएम ग्रुप और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी के बीच 1 गीगावॉट (GW) हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC) एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने एएम ग्रुप के प्रतिनिधियों को 289 एकड़ भूमि के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) सौंपा। इसमें सेक्टर-28 की 114 एकड़ और सेक्टर-8डी की 175 एकड़ भूमि शामिल है।
यह अत्याधुनिक डेटा सेंटर और एआई हब लगभग पांच लाख हाई-परफॉर्मेंस चिपसेट्स से लैस होगा तथा 24×7 कार्बन-फ्री ऊर्जा (सौर, पवन एवं पम्प्ड स्टोरेज) से संचालित किया जाएगा। परियोजना में लगभग 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश का प्रस्ताव है। पहला चरण वर्ष 2028 तक शुरू होगा, जबकि 2030 तक पूर्ण 1 GW क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
भारत में एआई और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए यह हब वैश्विक हाइपरस्केलर्स, अनुसंधान संस्थानों और संप्रभु एआई पहलों को सेवाएं देगा। एएमजी एआई लैब्स के माध्यम से भारतीय डेवलपर समुदाय को अत्याधुनिक कंप्यूटिंग संसाधनों तक व्यापक पहुंच मिलेगी।
राज्य सरकार के अनुसार इस परियोजना से हजारों उच्च-कुशल रोजगार सृजित होंगे और हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर तथा उन्नत कूलिंग तकनीकों के क्षेत्र में स्थानीय औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। यह पहल उत्तर प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
