इंस्टाग्राम रील से खुला ‘चोरी का राज’! गाजियाबाद की पॉश सोसाइटी का मामला

0
18
2

घरेलू सहायिका पर गंभीर आरोप

रील में दिखी वही अंगूठी, जो घर से हुई थी गायब

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित प्रतिष्ठित लोटस पोंड अपार्टमेंट में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की गुत्थी किसी सीसीटीवी या गवाह से नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम रील से सुलझती नजर आ रही है।

मामला फ्लैट नंबर C-3, 401 का है, जहां रहने वाले रोहित गुप्ता के घर में बीते कुछ महीनों से रहस्यमयी तरीके से चोरी की घटनाएं हो रही थीं।

पहले पैसे, फिर जेवर… लेकिन सबूत नहीं

फ्लैट मालिक रोहित गुप्ता के मुताबिक जनवरी महीने में उनके लैपटॉप बैग से करीब 8000 रुपये गायब हो गए। लेकिन कोई ठोस सबूत न मिलने के कारण उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके कुछ ही दिनों बाद घर से सोने की दो अंगूठियां भी चोरी हो गईं। शक की सुई घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका पर गई, जिसके चलते उसे काम से हटा दिया गया। फिर भी, सबूतों के अभाव में मामला दबा ही रह गया।

इंस्टाग्राम रील बनी ‘सबूत’

पूरे घटनाक्रम में नाटकीय मोड़ तब आया जब 29 मार्च को उसी घरेलू सहायिका की अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गई रील पर रोहित गुप्ता के परिजनों की नजर पड़ी। घरेलू सहायिका इस रील में वह ठीक वैसी ही सोने की अंगूठी पहने नजर आई, जो रोहित गुप्ता के घर से चोरी हुई थी।

रील सामने आते ही शक यकीन में बदल गया और रोहित गुप्ता ने बिना देर किए ऑनलाइन FIR की तथा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। रोहित गुप्ता ने तहरीर के साथ अंगूठी खरीद का बिल भी साक्ष्य के तौर पर दिया है। 

सोसाइटी में बढ़ी चिंता

घटना के बाद सोसाइटी में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सोसाइटी के एओए अध्यक्ष अशोक पाठक ने कहा-

एओए अध्यक्ष, अशोक पाठक

“सभी घरेलू सहायकों का दोबारा पुलिस सत्यापन कराया जाएगा और मेन गेट की सुरक्षा जांच प्रक्रिया को और सख्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।”

यह घटना कई सवाल खड़े करती है, क्या सोशल मीडिया अब अपराधियों की सबसे बड़ी चूक बनता जा रहा है ? क्या बिना पुलिस सत्यापन के घरेलू सहायकों को रखना खतरे को न्योता है ? फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इंस्टाग्राम रील को अहम सबूत के तौर पर देखा जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!