October 15, 2026
[t4b-ticker]

पॉश सोसाइटी में बदहाल सुविधाएं, बिजली-पानी संकट से लोग त्रस्त

0
V

6 घंटे बिजली गुल, गर्मी में तड़पे परिवार, पीने के पानी के लिए बाजार से बोतल खरीदने को मजबूर निवासी

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। वसुंधरा सेक्टर-4 स्थित वार्तालोक सोसाइटी के निवासी इन दिनों बिजली और पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। पॉश इलाके में स्थित इस सोसाइटी के लोगों का कहना है कि नाम बड़े और दर्शन छोटे वाली स्थिति बन गई है। भीषण गर्मी के बीच सोमवार रात करीब छह घंटे बिजली गुल रहने से लोगों की रात जागकर कटी, वहीं पानी की किल्लत ने परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

भीषण गर्मी में अंधेरे में कटी रात

सोमवार रात अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद वार्तालोक सोसाइटी के 336 फ्लैटों में रहने वाले परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोसाइटी में बैकअप के लिए कोई जनरेटर व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग गर्मी में पूरी रात परेशान रहे। कई परिवारों के छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।

निवासियों ने बताया कि रातभर ठीक से नींद नहीं आने के कारण सुबह लोगों को ऑफिस जाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भी कठिनाई हुई।

Ai image

पानी की सप्लाई महीनों से प्रभावित

सोसाइटी में गंगा जल की सप्लाई होती है, लेकिन निवासियों के अनुसार पिछले कई महीनों से पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं है। हालत यह है कि अधिकांश परिवारों को पीने और घरेलू जरूरतों के लिए बाजार से 20 लीटर की पानी की बोतल खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है।

निवासियों का कहना है कि पॉश इलाके में रहने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

नो पावर कट का दावा सिर्फ कागजी

वार्तालोक सहकारी आवास समिति के सचिव प्रेमनाथ पांडेय ने कहा कि-

प्रेमनाथ पांडेय

सरकार का नो पावर कट का दावा जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। उन्होंने बताया कि यहां 5 से 6 घंटे बिजली कटौती आम बात बन चुकी है। सर्दियों में किसी तरह काम चल जाता है, लेकिन 40 डिग्री से अधिक तापमान वाली गर्मी में बिना बिजली रहना बेहद मुश्किल है।

निवासियों में नाराजगी

निवासी रजनीकांत शर्मा ने रोष जताते हुए कहा कि-

रजनीकांत शर्मा

बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के बिना लोगों का सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। रोजमर्रा के कामकाज से लेकर बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की देखभाल तक हर चीज संकट में आ गई है। उन्होंने कहा कि पॉश इलाके में रहने के बावजूद ऐसी बदहाल व्यवस्था बेहद निराशाजनक है।

निवासी चंद्रकांत झा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि-

चंद्र कांत झा

घर की सबसे जरूरी जरूरत पानी के लिए बाजार का सहारा लेना पड़ रहा है। हर दिन पानी की बोतल खरीदकर गुजारा करना किसी भी सोसाइटी के लिए शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को सभी टैक्स चुका  रहे हैं, तब भी अगर पानी खरीदना पड़े तो इससे बड़ी विफलता और क्या हो सकती है।

सोसाइटी के लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द बिजली कटौती रोकने और पानी की नियमित सप्लाई बहाल करने की मांग की है, ताकि गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!