जिस पुतले को जला रहीं थीं, उसी नेता ने पहुंचकर पूछा हालचाल
बहराइच में पुतला दहन के दौरान हादसे में झुलसीं अनुपमा जायसवाल से लखनऊ मेदांता अस्पताल में मिले सपा प्रमुख, दिया सौहार्द का संदेश
NEWS1UP
पॉलिटिकल डेस्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
बताया जा रहा है कि बहराईच जिले में हाल ही में भाजपा के नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शन के दौरान एक हादसा हो गया था। प्रदर्शन में अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला दहन किया जा रहा था। इसी दौरान भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल जब अखिलेश यादव के पुतले में आग लगा रही थीं, तभी अचानक आग की चपेट में आ गईं और उनका चेहरा झुलस गया।

हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। मंगलवार को अखिलेश यादव खुद मेदांता अस्पताल पहुंचे और विधायक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा
“हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आए हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!”
