बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू एनकाउंटर में ढेर

0

जिम में बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद बना खूनी, हुई थी तीन की हत्या

NEWS1UP

अपराध डेस्क

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह घटना 25 अप्रैल को एक जिम में जन्मदिन समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद सामने आई थी, जिसमें तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीतू सैनी अपने जन्मदिन का जश्न जिम में मना रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा उसके चेहरे पर केक लगाए जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने .32 बोर की पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिसमें आकाश, मनीष और अमनदीप नामक तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक भाजपा नेता के परिवार से बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई थानों की टीमों और स्वाट टीम को लगाया। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें से तीन को मुठभेड़ के दौरान दबोचा गया था। मुख्य आरोपी जीतू सैनी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, ढाकर रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान जीतू सैनी को मार गिराया गया। इस दौरान एसओजी प्रभारी असलम और एक अन्य सिपाही भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है। मौके से दो पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

मुठभेड़ की जानकारी देते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह

इससे पहले 28-29 अप्रैल की रात खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम ने रिंकू सैनी और भारत सैनी को मुंडाखेड़ा नहर के पास संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपियों को वारदात से जुड़े डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) की बरामदगी के लिए ले जाया गया था, जहां उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को पैरों में गोली मारकर काबू कर लिया।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ बुलडोजर एक्शन की मांग भी की थी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!